भिवानी। अब भीम खेल परिसर में इंटरनेशनल और नेशनल खिलाड़ी ही रोजाना निर्धारित समय के लिए खेल अभ्यास कर सकेंगे। जबकि जूनियर खिलाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। खिलाड़ियों के लिए यह पाबंदी कोरोना संक्रमण की तीसरी संभावित लहर की वजह से लगाया गया है। संक्रमण की वजह से अब कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या भी बढ़ रही हैं, इसका सीधा असर खिलाड़ियों के खेल अभ्यास पर पड़ा है। भीम स्टेडियम में जूनियर खिलाड़ियों के प्रवेश पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी ने पाबंदी के आदेश भी चस्पा दिए हैं। जिसके बाद जूनियर खिलाड़ियों को स्टेडियम में न आने के लिए भी खेल प्रशिक्षक हिदायतें दे रहे हैं।
भीम खेल स्टेडियम में रोजाना ही करीब साढ़े तीन हजार खिलाड़ी अभ्यास करते हैं, लेकिन अब कोरोना संक्रमण की वजह से खिलाड़ियों की इस फौज पर पाबंदी लग गई है। इनमें ज्यादातर जूनियर खिलाड़ी शामिल हैं। खेल विभाग के इन आदेशों के बाद भीम स्टेडियम में केवल 300 से 350 खिलाड़ी ही खेल अभ्यास के लिए आ सकेंगे। स्टेडियम आने वाले इंटरनेशनल और नेशनल खिलाड़ियों को भी कोविड नियमों की पालना करनी होगी। इसके अलावा नेशनल और इंटरनेशनल का भी खिलाड़ियों को दिखाना होगा। खेल प्रशिक्षक एक बार में सीमित खिलाड़ियों को ही अभ्यास करा पाएंगे। कबड्डी, कुश्ती और जूडो के खेल पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों को खेल स्टेडियम में आने के दौरान केवल शारीरिक अभ्यास ही कराया जाएगा। कोरोना संक्रमण संभावित तीसरी लहर की चपेट में खिलाड़ी न आएं इसके लिए खेल विभाग अभी से सतर्क हो गया है। इसी को लेकर ये हिदायतें जारी की गई हैं। संक्रमण के दौरान ये हिदायतें लागू रहेंगी।
वर्जन:
भीम खेल परिसर में इंटरनेशनल और नेशनल खिलाड़ी खेल अभ्यास कर सकेंगे, जबकि जूनियर खिलाड़ियों के खेल अभ्यास पर प्रतिबंध लगाया गया है। खिलाड़ियों की ज्यादा संख्या स्टेडियम में एक जगह न जुटें इसके लिए भी खेल प्रशिक्षकों को सख्त हिदायतें दी हैं। खिलाड़ी कोविड नियमों की पालना करते हुए खेल अभ्यास करेंगे।
- प्रीतम सिंह, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी भिवानी।