भिवानी। नगर परिषद ने शहर से कूड़ा बाहर ले जाकर अनधिकृत कचरा बिंदुओं पर स्वच्छता की दीवार तैयार करा दी है। ये दीवारें उन जगहों पर बनाई गई हैं जहां लोग वर्षों से घरों का कचरा फेंकते रहे और शहर की स्वच्छता पर ग्रहण लगा हुआ था। अब शहर के करीब 12 बिंदुओं पर प्लेटफार्म तैयार कराकर ‘वेस्ट से बेस्ट’ के जरिए सुंदरीकरण का काम किया जा रहा है। कई जगह काम पूरा हो चुका है और जल्द ही यहां आकर्षक फव्वारे लगाने की तैयारी है।
इसी बीच दादरी रोड स्थित ठोस कचरा निस्तारण प्लांट का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इसके शुरू होने के बाद शहर का कचरा व्यवस्थित ढंग से निस्तारित होगा और ठोस कचरे से खाद बनाने का काम तेजी से होगा।
शहर को कचरे की बदबू से मिलेगी मुक्ति
नगर परिषद ने लंबे समय से बने अनधिकृत कचरा प्वाइंटों को बंद कर दिया है। पहले वहां से कचरा पूरी तरह हटाया गया और निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। इसके बाद फुटपाथ को ऊंचा उठाकर प्लेटफार्म तैयार किया गया और सामने की दीवार को स्वच्छता की दीवार के रंग से सजाया गया। अब यहां कबाड़ व बेकार सामान से आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी जो लोगों को स्वच्छता का संदेश देंगी। सरकुलर रोड के कई प्रमुख बिंदुओं पर नगर परिषद फव्वारे लगाने और बैठने की कुर्सियां डालने की योजना बना रही है ताकि यहां लोग बदबू की जगह सुकून का अनुभव कर सकें।
शहर के ये कचरा बिंदु हुए साफ
नगर परिषद ने कृष्णा कॉलोनी मोड़ सरकुलर रोड, कमला भवन चौक, रोहतक गेट हालुवासिया स्कूल के सामने सरकुलर रोड, रेडक्रॉस भवन के पास, चंद्रगिरी स्कूल के पास, बंसीलाल पार्क सरकुलर रोड, सराय चौपटा, पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र, नया बाजार फूल चौक और लोहड़ बाजार चौक समेत 12 जगहों पर कचरा बिंदुओं को खत्म कर प्लेटफार्म और आकृतियां लगाने का काम शुरू किया है। इनके बाद ये जगहें कचरे की बदबू से मुक्त होकर शहर की स्वच्छता में भागीदार बनेंगी।
सफाई कर्मचारियों को मिली नई रेहड़ियां
अनधिकृत कचरा बिंदु हटाने के साथ-साथ नगर परिषद ने गली-मोहल्लों से कचरा एकत्र करने के लिए सफाई कर्मचारियों को 50 रिक्शा रेहड़ी और 50 हथ रेहड़ी मुहैया कराई हैं। सफाई कर्मचारी इनसे कचरा निर्धारित डस्टबिन तक पहुंचाएंगे जहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए कचरा शहर से बाहर निस्तारण प्लांट तक ले जाया जाएगा।
62 करोड़ की लागत से बन रहा ठोस कचरा निस्तारण प्लांट
दादरी रोड डंपिंग यार्ड पर 62 करोड़ की लागत से ठोस कचरा निस्तारण प्लांट लगाया जा रहा है जो अंतिम चरण में है। यहां रोजाना भिवानी, चरखी दादरी, लोहारू और बवानीखेड़ा से करीब 375 टन कचरा लाया जा रहा है। भिवानी से करीब 125 टन, चरखी दादरी से 90 टन, लोहारू से 50 टन और बवानीखेड़ा से 40 टन कचरा यहां पहुंच रहा है।
नगर परिषद ने श्रीश्याम वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी को 24 एकड़ जमीन 22 साल की लीज पर दी है। फिलहाल दो से तीन प्रोसेसिंग यूनिट चालू हैं। प्लांट पूरी तरह तैयार होने के बाद रोजाना 500 टन कचरे के निस्तारण की क्षमता होगी। यह शहर का पहला ऐसा उद्योग होगा, जो कचरे से खाद तैयार करेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर सुधरी स्वच्छता रैंकिंग
भिवानी की आबादी करीब पौने चार लाख है और इसमें नगर परिषद के 31 वार्ड शामिल हैं। पिछले साल स्वच्छ सर्वेक्षण में भिवानी की राष्ट्रीय रैंकिंग 302 थी जो इस बार 258 पर पहुंच गई है। यानी 44 पायदान का सुधार हुआ है। राज्य स्तर पर भी भिवानी 16वें स्थान से आठवें पर आ गया है। ओवरऑल रैंकिंग में अब भिवानी 29वें स्थान पर है।
अब तक की स्वच्छता रैंकिंग
साल – रैंकिंग
2017 – 345
2018 – 238
2019 – 232
2020 – 166
2021 – 244
2022 – 241
2023 – 302
2024 – 258
नगर परिषद ने शहर से अनधिकृत कचरा प्वाइंटों को बंद कराकर उन बिंदुओं का सुंदरीकरण कराने का काम शुरू किया है। भविष्य में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन जगहों पर दोबारा कचरा न डाला जाए। इसके लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कुछ स्थानों पर ‘वेस्ट से बेस्ट’ बनाकर सुंदर आकृतियां और कुछ जगह आकर्षक फव्वारे लगाए जाएंगे जहां बैठने की व्यवस्था भी होगी। हमारा लक्ष्य भिवानी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। इसी तर्ज पर सार्वजनिक शौचालयों का नवीनीकरण भी किया जा रहा है। - भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी