भिवानी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रांगण में एक अक्तूबर को सुबह 9 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कैंपस प्लेसमेंट में फीटर, इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, टीपीईएस, शीट मेटल और फाउंड्रीमैन व्यवसायों के आईटीआई पास आउट छात्र अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
आईटीआई के प्रधानाचार्य बलबीर सिंह ने बताया कि इस मेले में बंसल वायर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (दादरी, ग्रेटर नोएडा), कॉन्टिनेंटल एसी (मानेसर), जेटेक्ट इंडिया लिमिटेड (धारुहेड़ा), सैनकी गीकेन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (बावल) जैसी कंपनियां भाग लेंगी। हरियाणा राज्य के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से 18 से 28 वर्ष आयु के आईटीआई पास छात्र-छात्राएं इसमें भाग ले सकते हैं।
वर्ग अनुदेशक वीरेंद्र कुमार और शिक्षुता अनुदेशक अमरदीप मलिक ने बताया कि संस्थान में प्रत्येक महीने रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक आईटीआई पास छात्रों को रोजगार मिल सके। उन्होंने छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की। उपरोक्त कंपनियों में चयनित छात्रों को 13,324 रुपये से 18,959 रुपये तक का मानदेय दिया जाएगा।