जल्द ही सामान्य अस्पताल की ओपीडी में सिविल सर्जन, डिप्टी सिविल सर्जन भी मरीजों का इलाज करते नजर आएंगे। चिकित्सकों की कमी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने यह फैसला किया है।
सिविल सर्जन सप्ताह में एक दिन तो डिप्टी सिविल सर्जन दो-दो दिन मरीजों की जांच करेंगे। इस बारे में सभी सिविल सर्जन को पत्र लिखकर जांच का दिन तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश भर में स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों की कमी है। भिवानी की बात की जाए तो जिला अस्पताल में 55 स्वीकृत पदों पर महज 24 ही चिकित्सक कार्यरत हैं। सीएचसी, पीएचसी पर भी चिकित्सकों का टोटा है और कुछ पीएचसी पर तो एक भी चिकित्सक नहीं। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए काफी लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। लोहारू, बहल , बाढड़ा क्षेत्र के लोग भी उपचार के लिए सामान्य अस्पताल आते हैं। अस्पताल में भी चिकित्सक नहीं मिलने पर अकसर मरीजों को बिना इलाज के निराश ही वापस लौटना पड़ता है।
चिकित्सकों की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने फैसला लिया है कि स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सक अधिकारी भी अब ओपीडी में मरीजों की जांच करेंगे। सिविल सर्जन सप्ताह में कम से कम एक दिन मरीजों की जांच करेगा तो डिप्टी सिविल सर्जन कम से कम दो दिन।
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले का मरीजों को खासा फायदा होगा और ओपीडी में चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से मरीजों को जल्दी और विशेषज्ञ होने के चलते बेहतर इलाज मिलेगा।
ईएनटी स्पेशलिस्ट की कमी होगी पूरी
सामान्य अस्पताल ईएनटी स्पेशलिस्ट की कमी से जूझ रहा है। डॉ. रणदीप पूनिया के सिविल सर्जन बनने के बाद से पिछले करीब चार साल से यहां ईएनटी स्पेशलिस्ट का पद रिक्त है। डेपुटेशन पर नियुक्ति की गई मगर कोई 10 दिन रुका तो कोई एक महीना। अधिकतर समय पद रिक्त ही रहा। यहां आने वाले नाक, कान व गले के मरीजों को पीजीआई रेफर किया जाता है। ज्यादातर मरीज पीजीआई जाने की बजाए प्राइवेट अस्पतालों का रुख करते हैं। चिकित्सक अधिकारियों के भी मरीज जांचने की ड्यूटी लगाने से मरीजों को फायदा होगा। सिविल सर्जन डॉ. रणदीप पूनिया ईएनटी स्पेशलिस्ट है और मरीजों को अब पीजीआई या प्राइवेट अस्पतालों की ओर नहीं भागना पड़ेगा।
भिवानी में तैनात सर्जन, डिप्टी सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. रणदीप पूनिया
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मीना बरबर
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. यतिन गुप्ता
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रवींद्र सांगवान
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुमन विश्वकर्मा
मुख्यालय की ओर से दिशा-निर्देश आए हैं। सभी डिप्टी सिविल सर्जन की मरीजों की जांच की ड्यूटी लगाई जाएगी। वह स्वयं पहले भी करते रहे हैं और आगे भी करेंगे। इससे मरीजों को फायदा होगा।
- डॉ. रणदीप पूनिया, सिविल सर्जन