ऑटो खरीदने के लिए गांव से मंगलवार सुबह निकले युवक का शव बुधवार को शहर के नाले में मिला। गले पर रस्सी के निशान मिलने से हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने फिलहाल इत्तफाकिया मौत की कार्यवाही की है। हत्या के अंदेशे के चलते पुलिय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्यवाही करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुरेंद्र भौरिया ने घटनास्थल का मुआयना किया। कई घंटों बाद मृतक की पहचान मिलकपुर गांव के सुरेंद्र (25) के तौर पर हुई।
बुधवार सुबह शहर के ढाणा रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास नाले में एक युवक का शव पाया गया। शव नाले में था और करीब चार-पांच फीट की दूरी पर उसकी चप्पलें पड़ीं थीं। सूचना पर शहर थाना प्रभारी बिक्रम सिंह व सदर थाना प्रभारी सूरज चावला मौके पर पहुंचे। यहां कार्यवाही को लेकर सीमा विवाद हुआ और आखिरकार शहर थाना पुलिस को मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया भी मौके पर पहुंचे। नाले से शव निकाल जांच की गई तो गले पर निशान मिले। गले में परना भी था। अनुमान है कि हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है। चप्पलें दूर मिली हैं, इससे झड़प और विरोध के संकेत भी मिल रहे हैं।
दोपहर के समय शव की पहचान बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव मिलकपुर वासी ऑटो चालक करीब 26 वर्षीय सुरेंद्र के रूप में हुई। परिजनों व ग्रामीणों ने शव की पहचान की। देर शाम करीब साढ़े छह बजे तक भी पुलिस शव के पोस्टमार्टम के प्रयास में जुटी थी। फिलहाल इत्तफाकिया मौत की कार्यवाही की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।
ऑटो खरीदने आया था सुरेंद्र
पहचान के बाद परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र ऑटो चालक था। शादीशुदा था। उसने अपना ऑटो बेच दिया है और नया ऑटो खरीदने के लिए मंगलवार सुबह भिवानी आया था। मगर रातभर तक नहीं लौटा। मामले में कार्यवाही को लेकर सीमा विवाद भी आड़े आया। शव सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास नाले में मिला। शहर थाना पुलिस का कहना था कि यह सदर थाना का क्षेत्र है, जबकि सदर थाना पुलिस का कहना था कि क्षेत्र शहर थाना पुलिस का है। आखिरकार मामले की जिम्मेदारी शहर थाना पुलिस को दी गई।
ऑटो चालक का शव ढाणा रोड पर नाले में मिला है। मृतक के गले पर निशान है। पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा होगा कि गला दबाने से मौत हुई है या डूबने से। मृतक गांव मिलकपुर का ऑटो चालक सुरेंद्र था।
- बिक्रम सिंह, इंस्पेकटर, एसएचओ, शहर थाना