भिवानी। अब ई टिकटिंग मशीन की स्क्रीन पर हैपी कार्ड रखते ही अंत्योदय परिवार सदस्य की रोडवेज बस में सफर के दौरान मुफ्त टिकट बन जाएगी। इस मशीन में हैपी कार्ड के जरिए कितने किलोमीटर सफर तय किया है और कितना सफर तय करना बकाया है, इसका हिसाब भी रहेगा।
इसके लिए ई टिकटिंग मशीन के साॅफ्टवेयर को भी अपडेट किया गया है। अकेले भिवानी जिले में अब तक 35 हजार से अधिक लोगों ने अपने हैपी कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किए हैं। रोडवेज विभाग जल्द ही इन लोगों को हैपी कार्ड भी जारी कर देगा। इसके बाद ये लोग रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे।
हरियाणा सरकार ने एक लाख रुपये तक की सालाना आमदनी वाले परिवार सदस्यों को रोडवेज बसों में साल भर में एक हजार किलोमीटर दूरी तक मुफ्त यात्रा की घोषणा की हुई है। इसके लिए उन सदस्यों के हैपी कार्ड बनाए जा रहे हैं। अंत्योदय परिवार सदस्यों के कॉमन सर्विस सेंटर पर हैपी कार्ड के आवेदन किए जा रहे हैं। अब तक भिवानी जिले में करीब 35 हजार से अधिक आवेदन हैपी कार्ड के लिए किए गए हैं। इन आवेदनों पर अब जल्द ही रोडवेज विभाग हैपी कार्ड जारी कर देगा।
हैपी कार्ड के जरिए ही रोडवेज बसों में मुफ्त सफर किया जा सकेगा। इसके लिए रोडवेज विभाग ने बसों में पहले से ही ई टिकटिंग प्रणाली शुरू की हुई है। भिवानी रोडवेज विभाग के पास 200 से अधिक ई टिकटिंग मशीनें हैं। इन सभी मशीनों में साॅफ्टवेयर को भी अपडेट किया गया है। इसके जरिए हैपी कार्ड को मशीन की स्क्रीन पर रखते ही यात्री को जहां जाना है वहां तक की मुफ्त टिकट बन जाएगी और इस मशीन में ही उसके सफर का हिसाब किताब भी रहेगा। साल भर में एक हजार किलोमीटर ही मुफ्त यात्रा का प्रावधान है, इससे अधिक का सफर करने पर टिकट का भुगतान भी करना होगा।
ऐसे काम करेगा स्मार्ट कार्ड
ई टिकटिंग मशीन की स्क्रीन के ऊपर स्मार्ट कार्ड रखते ही लाभार्थी का पूरा विवरण सामने आ जाएगा। इसमें यह भी वर्णित होगा कि उसने अब तक कितने किलोमीटर का सफर तय कर लिया है और कितना सफर करना बाकी है। उसी के हिसाब से परिचालक सवारी को आगे की टिकट बनाकर देगा।
हरियाणा सरकार की योजना के अनुसार अंत्योदय परिवारों को हैपी कार्ड अगले सप्ताह जारी कर दिए जाएंगे। भिवानी में करीब 35 हजार अंत्योदय परिवार सदस्यों ने हैपी कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया है। योजना के तहत रोडवेज बसों में यात्रा करने के लिए ई टिकटिंग प्रणाली से जुड़ा एक स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा।
-विक्रम सिंह कंबोज, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।