भिवानी। जिला रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन के तहत पुनर्विकास करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की वरिष्ठ मंडल अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की टीम शाम करीब सवा पांच बजे भिवानी रेलवे स्टेशन पर पहुंची और टीम में रेलवे के वरिष्ठ डीसीएम अनिल रैना व सिटीएम पवन कुमार शामिल थे। टीम ने पहुंचने के बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, पार्किंग क्षेत्र, प्रतिक्षालय कक्ष और जंक्शन परिसर में अन्य जगहों का निरीक्षण किया। इसके अलावा टीम ने शौचालयों की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।
आपको बता दे कि भारतीय रेलवे ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों को आधुनिक बनाने की नीति तैयार की है। इसके तहत नई सुविधाओं के साथ-साथ मौजूदा सुविधाओं को भी उन्नत किया जाएगा। बीकानेर मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्री भार को देखते हुए 15 स्टेशन चुने गए हैं। इनमें भिवानी स्टेशन को भी शामिल किया गया है। इसी संदर्भ में वीरवार को टीम ने भिवानी व अन्य स्टेशनों का जायजा लिया। टीम डबवाली, सिरसा, हिसार होते हुए भिवानी पहुंची।
दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ ने सौंपा ज्ञापन
रेल संबंधित मांगो को लेकर दैनिक रेल यात्री जनकल्याण संघ के प्रधान महाबीर डालमिया ने निरीक्षण करने आए उतर पश्चिम रेलवे मंडल के सीनियर डीसीएम अनिल रैना को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि दैनिक रेल यात्रियों को आज भी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे को समस्याओं का निवारण जल्द से जल्द करना चाहिए ताकि आम आदमी को राहत मिल सकें।
ये उठाई दैनिक रेल यात्री संघ ने मांग
पुरी से चलकर नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन को भटिंडा वाया रोहतक भटिंडा तक विस्तार करने की मांग की। महाबीर डालमिया ने बताया कि यह रेल नई दिल्ली सुबह चार बजे पहुंचती है और नई दिल्ली में करीब 19 घंटे खड़ी रहती है। इस रेलगाड़ी का बठिंडा तक विस्तार करने से पंजाब व हरियाणा के लोगों को पुरी सहित अनेक धार्मिक स्थलों की यात्रा करने के लिए सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा गाड़ी संख्या 4089/4090 में एसी चेयर कार लगाने, सदर बाजार दिल्ली में इसका ठहराव की मांग की। इसके अलावा उन्होंने इस गाड़ी का क्रॉसिंग रोहतक करवाया जाने की भी मांग की। लुधियाना से चलकर भिवानी तक आने वाली ट्रेन को का विस्तार रेवाड़ी तक किए जाने, भिवानी से बनकर धूरी तक जाने वाली ट्रेन को लुधियाना तक किए जाने की मांग की। इसी तरह अन्य ट्रेनों के संबंध में भी ज्ञापन में जिक्र किया।