भिवानी। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी आधार नामांकन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधार से जुड़े सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश उन्होंने शनिवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
बैठक में एडीसी ने आधार नामांकन, आधार अपडेट, बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट तथा दस्तावेज सत्यापन कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों की प्रगति का विस्तार से आकलन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आधार नामांकन और अपडेट का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।
समीक्षा के दौरान एडीसी ने शिक्षा विभाग को आधार नामांकन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों का आधार नामांकन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट शीघ्र पूरा कराया जाए। इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी आधार नामांकन या बायोमेट्रिक अपडेट से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट और दस्तावेज सत्यापन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एवं तहसीलदार जयवीर, जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र, शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।