हिसार से स्थानांतरित होकर आए दीपक सहारन आईपीएस ने सोमवार को पुलिस कमिश्नरी झज्जर में पुलिस उपायुक्त (पुलिस मुख्यालय झज्जर व क्राइम) के तौर पर कार्यभार संभाल लिया। हरियाणा सरकार द्वारा विगत दिनों प्रदेश में किये गये पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियो के तबादला के आदेशों के तहत आईपीएस अधिकारी दीपक सहारन का तबादला पुलिस डीसीपी मुख्यालय झज्जर व क्राइम के तौर पर किया गया था।
इससे पूर्व वे हिसार में अधीक्षक के तौर पर तैनात थे। झज्जर पहुंचने पर उनका पुलिस उपायुक्त लोगेश कुमार, एसीपी धर्मवीर सिंह, एसीपी शमशेर सिंह , सुरक्षा शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार, सेना शाखा प्रभारी उप निरीक्षक सज्जन कुमार, रीडर सहायक उप निरीक्षक रवि कुमार, एमटीओ सहायक उप निरीक्षक राजकुमार,रिडर सहायक उप निरीक्षक रवि कुमार, स्टैनो सहायता उपनिरीक्षक कुलदीप भुक्कल व सभी शाखा प्रभारियो ने बुके भेंट कर स्वागत किया।
पुलिस उपायुक्त दीपक सहारन ने कहा कि पुलिस द्वारा संगठित अपराध पर रोक लगाने के लिए प्रभावशाली कार्रवाई की जाएगी। संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों पर कमरतोड़ कार्रवाई की जाएगी तथा उनके सहयोगियों व गिरोह सहित पूरे अपराधिक तंत्र को पूर्णतया ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही अपराधियों को सूचना तथा सहायता पनाह देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस उपायुक्त ने कहा कि संगठित अपराध के साथ जिले में नशा उन्मूलन, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने सहित साइबर अपराध नियंत्रण करने तथा महिला विरुद्ध अपराध सहित सभी तरह के अपराधों पर रोक लगाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। नशीले पदार्थों व साइबर क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों का खरीद फरोख्त करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तथा झज्जर में सुगम यातायात बनाने के लिये हर संभव प्रयास किये जाएंगे। इनकी प्राथमिकता हमेशा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा आमजन की पुलिस से सम्बंधित समस्यों का अविलम्ब निपटारा व समाधान करने की रही है। जोखिम व चुनोतिपूर्ण कार्यों में उन्होंने हमेशा सफलता पाई है। वे हरियाणा के अनेक जिलों में बतौर पुलिस अधीक्षक कार्यरत रह चुके हैं।