वहीं, भिवानी के कोंट रोड संजय मेमोरियल कॉलेज के समीप नगर परिषद की सुनसान जगह पर झांडियों में शनिवार सुबह पुलिस को अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की हत्या के बाद शव को खुर्द बुर्द करने के लिए यहां फेंका गया था। फिलहाल औद्योगिक पुलिस थाना में ब्लाइंड मर्डर मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है वहीं 50 वर्षीय मृतक की पहचान कराने में भी पुलिस जुटी है।
औद्योगिक पुलिस थाना में बैंक कॉलोनी निवासी वीरेंद्र ने शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे कोंट रोड संजय मेमोरियल कॉलेज के समीप सुनसान जगह झाड़ियों में एक शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हत्या और शव खुर्द बुर्द करने का मिला तो विस्तृत जांच के लिए डॉग स्कवायर्ड टीम और क्राइम सीन टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
जिसके बाद दोनों टीमों ने वारदात स्थल को खंगाला। वहीं मृतक के मुंह से खून और शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। जिसके बाद शव को पुलिस जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। औद्योगिक पुलिस थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही मामला हत्या और शव खुर्दबुर्द करने का लगा है। इसलिए अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने में लगी है।