बहल। फाल्गुन महोत्सव के उपलक्ष्य में होने वाले श्रीश्याम बाबा व श्रीअलख बाबा के वार्षिकोत्सव पर श्रीअलख बाबा व श्रीश्याम बाबा की निशान पदयात्रा का आयोजन किया गया। श्रीश्याम बाबा की निशान यात्रा श्रीअलख गोशाला से लेकर श्रीश्याम मंदिर तक व श्रीअलख बाबा की निशान यात्रा सिवानी से लेकर बहल अलख आश्रम तक निकाली गई। बड़ी संख्या में बाबा के भक्तजनों ने दोनों ही आयोजनों में भाग लिया।
रविवार को श्रीअलख बाबा के भक्तजन सुबह दस बजे से ही सिवानी स्थित मेलपुरी बाबा के धाम पर एकत्रित होने शुरू हो गए थे। धाम पर पूजा-अर्चना के बाद निशान यात्रा की शुरुआत हुई। जिसमें बड़ी संख्या में बाबा अलख के श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन निशान उठाकर सिवानी से बहल तक करीब 40 किमी के पूरे रास्ते में बाबा के जयकारे लगाते हुए और भक्तिभाव में झूमते हुए शाम करीब छह बजे बहल श्रीअलख आश्रम में पहुंचे।
आश्रम में भक्तजनों ने बाबा को सिवानी से लाए हुए निशान अर्पित किए व परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। आश्रम के महंत बाबा विकास गिरि महाराज ने भक्तजनों को बाबा का आशीर्वाद दिया।
वहीं, श्री श्याम भक्तों ने श्री अलख गोशाला से श्री श्याम मंदिर तक निशान यात्रा निकाली। श्याम भक्त शाम पांच बजे श्री अलख गोशाला पहुंचे। श्री अलख गोशाला में विद्वान पंडितों द्वारा भक्तजनों द्वारा उठाए जाने वाले बाबा के निशानों की विधि-विधान पूजा की गई। निशान यात्रा में बहल के अलावा कोलकाता, सूरत, दिल्ली, रामगढ़ के अलावा अन्य जगहों से आए श्याम भक्तों ने भाग लिया। शाम करीब सात बजे भक्तजनों द्वारा निशान बाबा के मंदिर में चढ़ाए व बाबा का आशीर्वाद लिया।