हरियाणा के भिवानी के बहल क्षेत्र के गांव बुढेड़ी निवासी व बीआरसीएम बहल से शिक्षित निर्मल पंघाल का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान (इसरो) में बतौर वैज्ञानिक चयन हुआ है। निर्मल ने भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान तिरुवनंतपुरम केरल से एयरोस्पेस विषय से बीटेक पास की थी। निर्मल के चयन पर उनके गांव बुढेड़ी व बहल के बीआरसीएम संस्थान में खुशी जताई है।
निर्मल बचपन से ही मेधावी रहा है। निर्मल ने बारहवीं कक्षा तक की पढ़ाई बहल के बीआरसीएम संस्थान से पूरी की है। बारहवीं के बाद जेई एडवांस पेपर पास करने के बाद उसे भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान तिरुवनंतपुरम, केरल में दाखिला मिला और वहीं से बीटेक (एयरोस्पेस) की पढ़ाई पूरी की।
भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान तिरुवनंतपुरम, अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार का एक ऑटोनोमस संस्थान है। जिन बीटेक छात्रों ने 7.5 से 10 और उससे अधिक का सीजीपीए स्कोर किया है उन्हें सीधे इसरो के विभिन्न केंद्रों में चयन किया जाता है। निर्मल ने 8.42 सीजीपीए स्कोर प्राप्त किया है।
स्पेस एप्लीकेशन सेंटर अहमदाबाद में हुआ चयन
भारतीय अंतरिक्ष विभाग द्वारा निर्मल का चयन स्पेस एप्लीकेशन सेंटर अहमदाबाद में किया गया है। निर्मल पंघाल ने बताया की उसे जेई एडवांस क्लियर करने के बाद आईआईटी पटना में भी सीट अलॉट हुई थी और साथ ही भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान केरला में भी सीट अलॉट हुई थी। परंतु उसका लक्ष्य देशहित में कुछ अलग करने का था। इसलिए उसने केरला में एयरोस्पेस विषय को चुना और वहीं से बीटेक की।
अंतरिक्ष के क्षेत्र में अभी बहुत अनुसंधान होना है : निर्मल
निर्मल ने बताया कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में अभी बहुत अनुसंधान होना है, जिसमें स्वराष्ट्र की भागेदारी के लिए सेवा का मौका मिलेगा। निर्मल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता पवन पंघाल, माता पिंकी देवी व अध्यापकों को दिया। निर्मल की सफलता पर कृषि मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर सिंह, बीआरसीएम निदेशक डॉ. एसके सिन्हा, प्राचार्य डॉ. अनुज शर्मा, प्राचार्य राजेश झाझडिया, चेयरमैन विजय फोगाट, विजय पूनिया, विरेन्द्र लांबा, चेयरमैन सुशील केडिया, डॉ. विरेन्द्र श्योराण ने बधाई दी।