भिवानी। कोविड-19 संक्रमण की वजह से लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शहर की करीब 55 हजार की आबादी को ठप सीवर समस्या के समाधान की आस जगी है। इसके लिए अगले हफ्ते 18 अप्रैल से नई सीवर लाइन डालने का काम शुरू कराने की तैयारी है। इतना ही नहीं दादरी गेट से बावड़ीगेट क्षेत्र तक नेशनल हाईवे-709 ई का मार्ग भी एक तरफ से बंद करने की तैयारी हो चुकी है, मगर ट्रैफिक पुलिस ने फिलहाल इस पर आपत्ति जताई है। करीब आठ माह पहले जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने नई सीवर लाइन डालने के लिए करीब एक करोड़ के बजट को मंजूरी दी थी। जिस पर अब काम शुरू होगा। करीब एक किलोमीटर लंबी नई सीवर लाइन डालने के बाद शहर की 13 कॉलोनियों को सीधा फायदा होगा वहीं नेशनल हाईवे सरकुलर मार्ग की सीवर व्यवस्था भी दुरुस्त होगी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की शहरी सीवरेज शाखा द्वारा शहर के दादरी गेट श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर से लेकर बावड़ीगेट क्षेत्र तक करीब 300 मीटर हिस्से में नई सीवर लाइन डाली जाएगी। ये सीवर लाइन फिलहाल नेशनल हाईवे-709ई की मुख्य सड़क के नीचे डली हुई हैं, इसकी जगह नई लाइन डाली जाएगी। इस कार्य के लिए करीब डेढ़ महीने तक नेशनल हाईवे की एक तरफ की सड़क को भी बंद करना पड़ेगा, जिसकी वजह से दादरी गेट से बावड़ीगेट तक ट्रैफिक भी वन-वे होगा। इस हिस्से में 24 इंची पाइप लाइन डाली जाएगी। जबकि हनुमान गेट से घोसियान चौक पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में 18 इंची की 750 मीटर लंबी पाइपलाइन डाली जाएगी। (संवाद)
रूट डायवर्ट में ये फंसा पेंच, नेशनल हाईवे बंद हुआ तो जाम होगा पूरा शहर
नेशनल हाईवे 709ई पर दादरी गेट से बावड़ीगेट तक मुख्य सड़क के नीचे नई सीवर लाइन डाली जानी है। इस सड़क पर ट्रैफिक वन-वे किए जाने के संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने पत्र पुलिस प्रशासन को लिखा है। मगर पुलिस प्रशासन ने इस मार्ग को बंद कर ट्रैफिक वन-वे किए जाने पर आपत्ति लगाई है। इसकी वजह यह भी है कि तोशाम बाईपास पर डबल फाटक पर आरओबी निर्माण कार्य चल रहा है, इस वजह से तोशाम बाईपास का रास्ता बंद है। जबकि हांसी रोड पर रेस्ट हाउस से बीटीएम चौक होते हुए वैश्य कॉलेज तक का रास्ता भी अमरूत योजना के तहत बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डाले जाने की वजह से बंद है। सरकुलर रोड बंद कर ट्रैफिक वन-वे हुआ तो पूरे शहर की यातायात व्यवस्था ठप हो जाएगी। नेशनल हाईवे पर रोहतक, दिल्ली से दादरी, लोहारू, राजस्थान के कोठपुतली तक वाहनों का आवागमन होता है।
इन कॉलोनियों को मिलेगा फायदा
दादरी गेट से बावड़ीगेट तक नई सीवर लाइन डालने से दादरी गेट, बावड़ीगेट, रविदास मार्ग, एमसी कॉलोनी, भारत नगर, तेलीवाड़ा, कमला नगर, जैन चौक, डोबी तालाब क्षेत्र की कॉलोनियों के लोगों को ठप सीवर से निजात मिलेगी। हनुमान गेट से घोसियान चौक तक नई सीवर लाइन डाले जाने से लोहड़ बाजार, पुरानी अनाज मंडी, हनुमान गेट, गोदारा बर्फ फैक्टरी के लोगों को लाभ मिलेगा।
वर्जन:::
दादरी गेट से बावड़ी गेट और हनुमान गेट से घोसियान चौक तक करीब एक किलोमीटर नई सीवर लाइन डालने के लिए राजपाल सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम अलॉट हो चुका है। दोनों ही क्षेत्रों में 18 अप्रैल से सीवर लाइन डालने का काम शुरू होगा। ट्रैफिक का रूट बदलने के लिए पुलिस प्रशासन को भी पत्र भेजा जा चुका है।
- महेंद्र स्वामी, कनिष्ठ अभियंता शहरी सीवरेज शाखा भिवानी।
वर्जन:::
नेशनल हाईवे सड़क पर दादरी गेट से बावड़ी गेट तक ट्रैफिक वन-वे किए जाने पर फिलहाल पुलिस प्रशासन ने रोक लगा दी है। क्योंकि तोशाम बाईपास व रेस्ट हाउस से बीटीएम मार्ग पहले ही बंद पड़ा है। बीटीएम चौक क्षेत्र में काम जल्द पूरा होने वाला है, जिसके बाद इस संबंध में रूट डायवर्ट किए जाने के बारे में कदम उठाए जाएंगे।
- विक्रांत एसएचओ ट्रैफिक पुलिस थाना भिवानी।