भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में उपायुक्त साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में वीरवार को 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने परीक्षा को सुचारु और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिले में बनाए 7 परीक्षा केंद्र में 3817 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
डीसी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र अधीक्षक और अन्य अधिकारी पुलिस, मेडिकल ऑफिसर व ड्यूटी मजिस्ट्रेट के संपर्क में रहें ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।
जीएम रोडवेज को परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया जबकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई। डीसी ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या परीक्षार्थियों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी।
केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य एवं समन्वयक मोहिंद्र सिंह ने बताया कि जिले में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 3817 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। बैठक में एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीएसपी अनूप कुमार, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू और बिजली निगम के अभियंता सतबीर यादव मौजूद रहे।