लोहारू। चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय लोहारू में आयोजित दो दिवसीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के पहले दिन पेंटिंग में नीरज, पोस्टर निर्माण में टिया और मेंहदी में आरती ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों ने वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, कविता पाठ और श्लोक उच्चारण सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।पेंटिंग प्रतियोगिता में एमए इंग्लिश के नीरज प्रथम और पायल द्वितीय रहे। पोस्टर निर्माण में एमकॉम की टिया ने प्रथम तथा सपना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
मेंहदी प्रतियोगिता में एमए हिंदी की आरती प्रथम और निक्कू कुमारी द्वितीय रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में डॉ. सुजीत, मंजू और डॉ. पूनम ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
वाद-विवाद में विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों के पक्ष-विपक्ष में विचार रखे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन एवं मूल्यांकन प्रदीप कुमार, दीपक और तरुण ने किया। कविता पाठ और श्लोक उच्चारण में भी विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दलजीत सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ सह-पाठ्यचर्या गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. महिमा ने प्रतिभा खोज प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की प्रतिभा सामने लाने और उसे निखारने का माध्यम बताया।
महाविद्यालय मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन रागनी, गीत, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य और लघु नाटिका सहित सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. सुखवीर सिंह, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. बजरंग, डॉ. सुजीत और डॉ. अशोक कुमार मौजूद रहे।