भिवानी। शहर के भीम स्टेडियम में 26 से 30 नवंबर तक होने वाली एथलेटिक्स की राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शनिवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर ने की जबकि मंच संचालन देवेंद्र अत्री ने किया।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. निर्मल दहिया ने कहा कि भिवानी को राष्ट्रीय स्तर की इस बड़ी प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है जिसे सफल बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। डीईओ ने खिलाड़ियों के रहने, खाने, स्टेज संचालन, स्वागत समिति, स्टेशन व बस स्टैंड से खिलाड़ियों को रिसीव करने वाली टीमों सहित सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह और समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी विशेष तौर पर शिरकत करेंगी।
प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की 38 टीमों के लगभग 1800 खिलाड़ी भाग लेंगे। डीईओ ने स्पष्ट किया कि सभी खिलाड़ियों के आवास और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था जिलास्तर पर सुनिश्चित की जाएगी और सभी कमेटियों को आपसी तालमेल से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर कोच सत्यवान, भिवानी खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी कैरू महेंद्र सिंह गिल और खंड शिक्षा अधिकारी सिवानी डॉ. सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।