ढिगावा मंडी। शनिवार को आई तेज आंधी व बारिश के साथ ओलावृष्टि से सब्जी, गेहूं व सरसों की खेती करने वाले किसानों को हुआ काफी नुकसान। तेज अंधड़ से गेहूं की तैयार फसल कई खेतों में पूरी तरह बिछ गई है।
सब्जी उत्पादक किसान रामनिवास मनफरा ने बताया कि उन्होंने करीब एक एकड़ में चप्पल कद्दू व टमाटर की सब्जी लगा रखी है। ओलावृष्टि से दोनों फसलों में काफी नुकसान है। गांव बिठण, बुढेड़ा, मनफरा, ढिगावा, ढाणी लक्ष्मण, बड़दू जोगी, कुडल, अमीरवास, भुगला समेत कई गांव में ओलावृष्टि हुई है। किसानों ने प्रदेश सरकार से विशेष गिरदावरी करवाने की मांग करते हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
वहीं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बारे में कहा कि किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। गिरदावरी करवा कर किसानों को सरकार द्वारा मुआवजा दिया जाएगा। ऐसे समय में सरकार किसानों के साथ खड़ी। कृषि विभाग के तकनीकी प्रबंधक विजय भुगला ने बताया कि सरकार के आदेश अनुसार फसलों के हुए नुकसान का जल्द आकलन किया जाएगा। ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
खेत में साठ एकड़ में सरसों बो रखी है। शनिवार को ओलावृष्टि से पक कर तैयार होने की कगार पर खड़ी फसल में काफी नुकसान हुआ है। इस बार अच्छी पैदावार होने की उम्मीद थी, लेकिन ओलावृष्टि ने सब पर पानी फेर दिया है। सरकार से मांग है कि जल्द से जल्द गिरदावरी कर उचित मुआवजा दिया जाए।
-छाजुराम, किसान
छह एकड़ में गेहूं की फसल की खेती है। ओलावृष्टि व बारिश के कारण गेहूं की फसल बिछ गई है। इससे पैदावार और दाने पर असर पड़ेगा। भारी खर्च करके फसल उगाई थी। सरकार से मांग है कि जल्द से जल्द गिरदावरी कर उचित मुआवजा दिया जाए। जिससे उनके नुकसान की भरपाई हो सके।
-पुरुषोत्तम उर्फ चंगा, किसान