भिवानी। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को एक दिवसीय एनएसएस शिविर का आयोजन किया। शिविर की शुरुआत व्यायाम एवं योग से की गई। इस मौके पर पोस्टर मेकिंग व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया। पोस्टर मेकिंग में नैन्सी व स्लोगन प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रेड क्रॉस से अजय श्योराण शामिल हुए। सम्मानित अतिथियों के रूप में डॉ.परमानंद, डॉ. उदयभान, डॉ. अजीत कुमार एवं डॉ. सविता रहे। इस मौके पर रेडक्रॉस से अजय श्योराण ने बताया कि रेड क्रॉस का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन की रक्षा करना है। उन्होंने सभी स्वयंसेविकाओं को घर में होने वाली छोटी-मोटी दुर्घटनाओं से कैसे बचा जा सके एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी दी।
इसके बाद ओरल हेल्थ एंड हाइजीन पर पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिताओं में सभी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसी दौरान वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. लता ने सभी स्वयंसेविकाओं को दांतों से संबंधित परेशानियों के बारे में जानकारी दी एवं उसका समाधान बताया। स्वयंसेविकाओं ने ड्रग्स एवं नशा मुक्ति पर एक नाटक प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सभी स्वयंसेविकाओं ने मिलकर मुंह व दांतों की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रैली निकाली।
इस मौके पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नैन्सी, द्वितीय स्थान कशिश और तृतीय स्थान नगीना का रहा। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशी, द्वितीय स्थान मुस्कान, तृतीय स्थान मुस्कान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को डॉ. लता ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।