रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को नप हाउस की विधायक की मौजूदगी में हुई बैठक हंगामेदार रही। बैठक में नप उपाध्यक्ष मामनचंद सहित अन्य पार्षदों ने दो साल से ठेकेदार पर गली निर्माण नहीं किए जाने के आरोप जड़े। वहीं नप चेयरमैन रणसिंह यादव भी अधिकारियों के रवैये से खफा दिखे। कई पार्षदों ने उनके वार्डों में पिछले छह माह से साफ सफाई का काम पूरी तरह से ठप होने का आरोप लगाया। हंगामे के बीच ही नप हाउस की बैठक में शहर के अंदर करीब 50 नई गलियों के डेढ़ करोड़ के बजट से निर्माण और शहर में तीन जगह नाले निर्माण के मसौदे पर मंजूरी की मोहर लगाई।
शुक्रवार को हुई नप बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ ने अध्यक्षता की वहीं नप चेयरमैन रणसिंह यादव व उपाध्यक्ष मामनचंद भी मौजूद थे। बैठक में पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्याएं रखी तो अधिकारियों से खफा नप चेयरमैन रणसिंह यादव भी बोल पड़े। उन्होंने नप अधिकारियों का कहा कि वे हाउस से बड़े नहीं हैं, कोई भी पार्षद उनके पास काम लेकर जाता है तो उनमें आनाकानी नहीं कर सकते, बल्कि पार्षदों के कार्यों को प्राथमिकता देना उनका दायित्व है। वहीं नप चेयरमैन के भड़कने के बाद नप के कार्यकारी अभियंता ने भी टका सा जवाब दिया कि दो लाख निर्माण की गली के एस्टीमेट को 25 लाख के बजट तक मंजूरी देना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। सरकार की हिदायतों के अनुसार ही काम होंगे। इस पर नप चेयरमैन ने कार्यकारी अभियंता द्वारा ठेकेदारों की बैठक में लेने पर बवाल मचा दिया। जिस पर कार्यकारी अभियंता ने चेयरमैन से ही उनके अधिकार क्षेत्र का दायरा पूछ लिया। इस तरह काफी देर तक नप अधिकारियों व हाउस में मौजूद प्रतिनिधियों के बीच खींचतान चलती रही। इसी बीच नप उपाध्यक्ष मामनचंद ने कार्यों में कमीशनखोरी के मामले को उठा दिया। उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि कार्यों में कमीशनखोरी बंद हो, इस पर मामला नप चेयरमैन ने शांत कराया।
आधा दर्जन वार्डों में 11 महीनों से नहीं कोई सफाई कर्मचारी, सफाई के नहीं हुए टेंडर
पार्षद प्रतिनिधि सुभाष ने बताया कि वार्ड 17,18,19,21 के अलावा आधा दर्जन वार्डों में पिछले 11 महीनों से सफाई का काम ठप पड़ा है। अधिकारी टेंडर नहीं करा रहे। इस पर ईओ ने कहा कि 31 अगस्त तक सफाई के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस दौरान दूसरे वार्डों से सफाई कर्मचारियों को इन वार्डों में काम पर लगाने की बात उठी तो चेयरमैन बोले सफाई कर्मचारी नहीं है।
कंटेनमेंट जोन में सैनिटाइज कराने, नंदीशाला के लिए कर्मचारियों की मांग
शहर के वार्डों में कंटेनमेंट जोन के अंदर सैनिटाइज कराए जाने के काम के लिए पांच और नंदीशाला में काम करने के लिए सात कर्मचारियों की मांग बैठक में उठी। इन कर्मचारियों को लगाए जाने के मसले पर भी प्रस्ताव पास हुआ।
इन मुद्दों पर भी पार्षदों ने की पैरवी
पार्षद बलवान ने अपने वार्ड में साफ सफाई की मांग उठाई। वहीं पार्षद प्रतिनिधि अशोक जोगी ने कहा कि ग्वार फैक्टरी क्षेत्र में कमेटी की भूमि हैं, वहां पर नया बूस्टिंग स्टेशन बनाया जाए। महिला पार्षद सुशीला पूनिया ने भी सेक्टर 23 में नया बूस्टिंग स्टेशन बनाने की मांग रखी व कई गलियों का मामला भी उठाया। पार्षद नरेंद्र ने ठाकुर बीर सिंह पार्क में बंद पड़े फव्वारे चालू कराने और पार्क में झूले लगाने का प्रस्ताव भी रखा। पार्षद मुकेश रहेजा, ललित सैनी, मांगेराम शर्मा ने भी इलाके में बरसाती पानी निकासी के प्रबंध नहीं होने की बात कही और नए नाले निर्माण की मांग की।
शहर के सभी स्ट्रीट लाइट कनेक्शनों पर लगेंगे बिजली मीटर
नप बैठक में निर्णय हुआ कि शहर के सभी स्ट्रीट लाइटों के बिजली कनेक्शनों पर मीटर लगवाए जाएंगे। अब तक अधिकांश स्ट्रीट कनेक्शन बिना मीटर कनेक्शन के ही चल रहे थे। इसके लिए करीब 14 हजार मीटर तार भी लगाई जाएगी। जबकि आधा दर्जन नए मीटर कनेक्शन भी लिए जाएंगे।
शहर के इन हिस्सों में बनेंगे बरसाती नाले
नप बैठक में उपाध्यक्ष मामनचंद व महिला पार्षद आशा रानी चावला, पार्षद हर्षदीप, पार्षद ललित सैनी की मांग पर रविदास मंदिर रोड पर नया नाला निर्माण होगा। इसी तरह हालुवास गेट क्षेत्र में भी बरसाती नाला बनेगा। जबकि हनुमान गेट से मुक्तिधाम रोड पीपलीवाली जोहड़ी क्षेत्र तक बरसाती नालों पर सहमति बनी।
अब दो करोड़ से चकाचक होगा भगत सिंह चौक से सिटी स्टेशन तक का मार्ग
नगर परिषद की बैठक में सेक्टर 13 मोड से लेकर महम रोड तक करीब 80 लाख के बजट से सड़क निर्माण के बाद भगत सिंह चौक से लेकर सिटी स्टेशन मार्ग को भी चकाचक किए जाने पर भी चर्चा हुई। भगत सिंह चौक से सिटी स्टेशन फोरलेन मार्ग को करीब दो करोड़ के बजट से चकाचक किया जाएगा।
नप हाउस की बैठक में शहर के विकास और गली निर्माण के मुद्दों पर पार्षदों के साथ बैठकर अधिकारियों के साथ बात हुई है। नप ने प्रस्ताव पास कर कई मामले रखे हैं। जो मुद्दे अन्य विभागों के अधिकार क्षेत्र मेें आएंगे, उन्हें सिरे चढ़ाकर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।
- घनश्याम सर्राफ, विधायक भिवानी।
नगर परिषद दायरे में करीब 50 नई गलियों का निर्माण डेढ़ करोड़ के बजट से होगा। शहर में तीन नए नालों का निर्माण भी होगा। फिलहाल कोविड-19 की वजह से बजट में देरी हैं, जैसे ही बजट आएगा पुराने कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
- रणसिंह यादव, चेयरमैन नगर परिषद भिवानी।