सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सुर्खियों में रहने वाली भिवानी नगर परिषद में अब फर्जी तरीके से प्रॉपर्टी के मालिक ही बदले जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सीएम विंडो में दी शिकायत के बाद सामने आया है। आरोप है कि नगर परिषद अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से गृहकर रिकॉर्ड में मालिक बनाकर फर्जी तरीके से असल मालिक की जगह किसी दूसरे के नाम प्रॉपर्टी दर्ज कर दी है। जिसके बाद यूनिट की फर्जी मालिक के नाम असेसमेंट के आधार पर प्रॉपर्टी को बिक्री करने की तैयारी कर एग्रीमेंट से सौदा तय किया है। इस मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मचा है।
तोशाम बाईपास डाबर कॉलोनी निवासी मनोज ने सीएम विंडो में सोमवार को दी शिकायत में आरोप लगाया कि एमसी यूनिट नंबर एल-226 वाक्या हरजीकान चौक कितान पाना शनिदेव मंदिर के पास का है। जहां असल मालिक की जगह फर्जी तरीके से नप अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से एक व्यक्ति ने अपने नाम नगर परिषद में इस प्रॉपर्टी को बतौर मालिक दर्ज करा दिया है। इसके बाद नगर परिषद की फर्जी असेसमेंट के आधार पर इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री बैनामा करवा दिया है। जबकि असल मालिक लदरीमल है। आरोप यह भी है कि नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों से मिलीभगत कर एक व्यक्ति ने नगर परिषद के गृहकर रिकॉर्ड में खुद को मालिक बनाकर प्रॉपर्टी अपने नाम फर्जी तरीके से दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने सीएम विंडो में मामले की शिकायत देकर एमसी यूनिट की जांच कराए जाने और गलत रिकार्ड दर्ज व इंद्राज करने में मिलीभगत करने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मनोज ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत शहरी निकाय विभाग व उपायुक्त को भी कर दी है।