भिवानी। मंत्री जी म्हारी कॉलोनी के एकमात्र रास्ते की जगह पर चार लोगों ने कब्जा कर लिया है, कॉलोनी के लोगों का आना-जाना भी बाधित हो गया है। ये फरियाद लठियाला जोहड़ क्षेत्र के प्रताप सिंह व सभी कॉलोनी वासियों की तरफ से गुहार पंचायत मंत्री देवेंद्र कुमार बबली के समक्ष लगाई। इस पर मंत्री ने कब्जाधारियों पर तुरंत कार्रवाई कर 10 दिनों में रास्ता खाली करा कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं भावांतर भरपाई योजना में धोखाधड़ी से पैसा हड़पने के मामले में भी मंत्री ने संबंधित लोगों पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं फसल खराब होने पर बीमित किसान को उसका पूरा क्लेम नहीं देने वाली कंपनी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने और 15 दिन में ब्याज सहित पैसा दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वहीं भिवानी, दादरी और रोहतक के सरपंचों ने भी मंत्री के दौरे का विरोध किया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्कामुक्की हुई और सरपंचों को पुलिस हिरासत में लेकर बाद में उन्हें दूर दराज इलाकों में छोड़ दिया।
पंचायत भवन में मंगलवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विकास एवं पंचायत मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली ने की। बैठक में 12 मामले रखे गए, जिनमें से मौके पर दो परिवादों का निपटारा किया गया। शेष 10 मामलों के समाधान के लिए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच के आदेश दिए।
पहला परिवाद:
मुकदमा दर्ज करने के निर्देश
कीर्ति नगर निवासी संदीप कौशिक ने बताया कि उसने अपने खाते से 26 लाख 38 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इस मामले में अधिकारियों ने गोलमोल रिपोर्ट दे दी। जिस पर पुलिस के जांच अधिकारी ने मंत्री को अवगत करवाया कि इस केस के बारे में जिला न्यायवादी की राय ले ली गई है, जिन्होंने मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश की है। अब इसमें मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।
दूसरा परिवाद : अग्रसेन कॉलोनी की सुधा ने आरोप लगाया कि रात को उसके घर में सात पुलिस कर्मचारी बिना वारंट के ही घुस गए और उनके परिवार के साथ भी बदसलूकी हुई। इस पर मंत्री ने दो सप्ताह के अंदर जांच के निर्देश देकर दोषी पाए जाने पर पुलिस कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
तीसरा परिवाद: गांव खरक कलां निवासी सूरजभान शर्मा ने बताया कि उसकी 2021 में कपास की फसल जलभराव की वजह से नष्ट हो गई थी। कृषि विभाग ने सर्वे कर 95 फीसदी नुकसान दर्शाया था। इसके बाद उसे 88 हजार बीमा का भुगतान करना था। लेकिन कंपनी ने 30 हजार का भुगतान किया और 58 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया। कृषि उपनिदेशक बोले की छह बार कंपनी को रिमांइडर भेज चुके हैं, कोई जवाब नहीं आया। इस पर मंत्री ने 15 दिन में ब्याज सहित कंपनी को बाकी की क्लेम राशि पीड़ित किसान को देने और देरी के लिए बीमा कंपनी के अधिकारियों पर केस दर्ज किए जाने के निर्देश दिए।
परिवाद चार: लठियावाला जोहड़ निवासी प्रताप सिंह ने बताया कि कॉलोनी के एकमात्र रास्ते पर चार लोगों ने निर्माण व चहारदीवारी खिंचकर कब्जा कर लिया है। आने जाने का रास्ता भी नहीं है। इस पर मंत्री बबली ने नगर परिषद अधिकारियों को दो सप्ताह के अंदर अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।
परिवाद पांच : गांव बामला द्वितीय निवासी राकेश, भीम सिंह, मनीष के परिवाद पर मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को पुलिस सहायता लेकर पानी की मुख्य लाइन से अवैध कनेक्शन हटवाने के निर्देश दिए। बूस्टर तक जाने वाली मुख्य लाइन में 70 अवैध कनेक्शन हैं, जिसकी वजह से 50 घरों में पानी नहीं पहुंचा रहा था।
परिवाद छह: पीयूष गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर के एक निजी अस्पताल की लापरवाही से उसके पिता की मौत हो गई थी। नैक्लीजेंसी कमेटी ने भी चार बार नोटिस जारी किए, मगर एक बार भी निजी अस्पताल संचालक नहीं आया। इस पर मंत्री ने पुलिस व स्वास्थ्य अधिकारियों को सख्त निर्देश देकर पीड़ित को न्याय दिलाने व अस्पताल पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
परिवाद सात : गांव बलियाली के गणेश दास बताया कि नियम 134ए के दाखिले के बाद भी निजी स्कूल संचालक उससे स्कूल बस के नाम पर नाजायज फीस मांग रहा है। इस पर मंत्री ने जिले भर में नियम 134ए के तहत दाखिलों से संबंधित बच्चों के स्कूल फीस वसूले जाने और निजी स्कूलों के ऑडिट कराए जाने के निर्देश दिए।
इन परिवादों में भी दिए मंत्री ने निर्देश
गांव चांग के वार्ड 17 मोहल्ला वासी के परिवाद में मंत्री ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गली को दुरुस्त करवाया जाए ताकि पानी की निकासी सही ढंग से हो सके। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बारवास के प्राचार्य हीरालाल के परिवाद में मंत्री ने साइबर क्राइम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फ्रॉड करने वाले व्यक्ति का पता लगाकर उससे रुपये वसूल किए जाएं और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गांव दरियापुर निवासी कृष्ण कुमार के परिवाद में जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि भावांतर भरपाई योजना के तहत धोखाधड़ी कर वास्तविक किसानों का पैसा हड़पने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
ई-टेंडरिंग प्रणाली से आएगी विकास कार्योंं में पारदर्शिता : बबली
विकास एवं पंचायत मंत्री बबली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ई-टेंडिरिंग प्रणाली से विकास कार्यों में और अधिक पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत सरकार द्वारा जारी की जाने वाले खर्च पर जवाब देही तय हुई। उन्होंने कहा कि पंचायतों की शक्तियों को किसी भी रूप में कम नहीं किया गया है, बल्कि बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास कार्यों में धनराशि की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपायुक्त नरेश नरवाल, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, लोहारू के एसडीएम दीपक बाबूलाल करवा, सीईओ जिला परिषद मनोज दलाल, एसडीएम भिवानी संदीप अग्रवाल, तोशाम के एसडीएम मनीष फौगाट, जेजेपी जिलाध्यक्ष विजय गोडठ़ा, उप पुलिस अधीक्षक आर्यन चौधरी, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता रणबीर सिंह, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी रवींद्र दलाल, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल चहल, डीडीए डॉ. आत्मा राम गोदारा, पीओ डॉ. भागीरथ कौशिक, जिला रोजगार अधिकारी डॉ. कविता दलाल, कष्ट निवारण समिति सदस्य कमल फौजी, सुनील वर्मा नंबरदार, रामकिशन हलवासिया, अशोक तिगड़ाना, बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष नंदराम धानिया, रामेश्वदास वाल्मिकी मौजूद रहे।
भिवानी, रोहतक और दादरी के सरपंचों ने किया मंत्री का विरोध, पुलिस के साथ हुई झड़प
पंचायत मंत्री के विरोध में मंगलवार को भिवानी, रोहतक और चरखी दादरी के सरपंचों ने भिवानी के हुडा सेंट्रल पार्क में मंगलवार को प्रदर्शन किया। यहां से प्रदर्शन करते हुए सरपंचों ने पंचायत भवन की तरफ कूच किया। जहां पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था। वहां पुलिस के साथ प्रदर्शन कर रहे सरपंचों के साथ झड़प हुई। सरपंचों ने नारेबाजी शुरू की तो पुलिस के साथ भी धक्कामुक्की हुई। जिसके बाद हल्का बल प्रयोग कर सरपंचों को जबरन गाड़ी में बैठाकर हिरासत में ले लिया। मंत्री के कार्यक्रम के बाद हिरासत में लिए गए सरपंचों को सिवानी सहित दूर दराज के इलाकों में छोड़ दिया। सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान आशीष बैनीवाल ने कहा कि मंत्री के आगमन पर विरोध कर रहे सरपंचों के साथ पुलिस ने धक्का मुक्की कर हल्का बल प्रयोग किया है। ये सरकार की तानाशाही है। सरपंच एसोसिएशन की बुधवार को बैठक बुलाई है, जिसमें आगामी फैसला लिया जाएगा।
सरपंचों ने किया मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन
तोशाम। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के गांव बुशान दौरे के बाद वापस जाते समय गांव थिलोड में सरपंच संजय कंवारी के नेतृत्व में काले झंडे दिखाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने मंत्री के पहुंचने से पहले ही तोशाम बहल मार्ग से करीब 200 फुट दूर खदेड़ दिया व पुलिस के वाहन उनके आगे लगा दिए। सरपंचों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सरपंच संजय कंवारी ने कहा कि सरपंचों का हक है वो लेकर रहेंगे। इस अवसर पर जिला प्रधान हिसार संजय कंवारी, हांसी प्रधान सतपाल डाटा, मुकेश सरपंच, सुनील कुमार, संजय कुमार, जय भगवान, उमेद गारनपुरा, राजेंद्र आलमपुर, सरपंच राजपाल, सरपंच परमजीत, सरपंच पवन छपारिया उपस्थित रहे।