भिवानी। भिवानी और चरखी दादरी की मंडियां से खरीद किए गए करीब 19 लाख सरसों के कट्टों में तारामीरा की मिलावट के साथ ही 250 करोड़ से अधिक के घोटाले की आशंका बनी हुई है। ढुलाई ट्रांसपोर्टरों द्वारा सरसों की सरकारी खरीद में तारा मीरा की मिलावट की शिकायत सीएम विंडो सहित कृषि मंत्री को भेजे जाने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। अकेले भिवानी जिले की 34 मंडियों में हैफेड और हरियाणा स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन द्वारा 159821 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की गई थी। जिसमें 8550 मीट्रिक टन सरसों के अंदर 25 से 30 फीसदी तारा मीरा की मिलावट की आशंका जताई जा रही है। सरसों ढुलाई के ट्रांसपोर्टरों का भी अधिकारियों द्वारा करीब 70 लाख का भुगतान रोक दिया गया है, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ है।
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान सरसों की सरकारी खरीद के बाद मंडियों से गोदामों तक सरसों पहुंचाने वाले ट्रांसपोर्टरों ने सोमवार को सीएम विंडों में शिकायत दी थी। शिकायत कृषि मंत्री को भी भेजी गई। जिसमें सरसों की सरकारी खरीद के दौरान मंडियों में आढ़तियों, परचेजर और मैनेजरों की मिलीभगत से सरसों के अंदर 25 फीसदी तारामीरा (सरसों की तरह दिखाई देने वाला पदार्थ) की मिलावट के आरोप लगाए गए। ठेकेदारों ने इसमें करोड़ों के घालमेल की आशंका जताते हुए इसकी निष्पक्ष एजेंसी द्वारा जांच कराए जाने की मांग उठाई थी। अमर उजाला ने मंगलवार को सरसों में तारामीरा मिलावट कर सरकार को लाखों का चूना लगाए जाने का समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
व्यापारी नेता ने उजागर किया मंडी में सरसों मिलावट घोटाले का गणित
व्यापारी नेता विजय बंसल टैणी ने आरोप लगाया कि अप्रैल माह में लॉकडाउन के दौरान मंडियों के अंदर सरसों खरीद हुई। दादरी मंडी में वेयर हाउस ने पांच लाख सरसों के कट्टे खरीदे, इसी तरह पांच लाख सरसों के कट्टे बाढड़ा सहित सब मंडियों में हैफेड ने खरीद किए। करीब चार लाख सरसों के कट्टे जुई में एचडब्ल्यूसी व कैरू खरीद केंद्र में हैफेड ने खरीद किए। पांच लाख सरसों के कट्टे एचडब्ल्यूसी ने तोशाम की ईश्रवाल व पटौदी खरीद केंद्र पर किसानों से 4450 रुपये प्रति क्विंटल भाव से खरीदे। इन केंद्रों पर खरीद की गई सरसों में करीब 3200 रुपये प्रति क्विंटल का तारामीरा एक तिहाई मिलाकर भिवानी की नई अनाज मंडी शेड के नीचे, गरीमा गार्डन तोशाम रोड गोदाम, दादरी के कोहलावास गोदाम, हांसी सब्जी मंडी शेड के नीचे और हांसी सब्जी मंडी गोदामों में मिलावटी सरसों लगाई गई है। महम वेयरहाउस के गोदामों में भी मिलावटी सरसों लगी है। मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री को भेजी शिकायत में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। सरसों और तारामीरा के मूल्य का अंतर करीब 12 रुपये प्रति क्विंटल आ रहा है। इस लिहाज से 19 लाख सरसों के कट्टों में मिलावट का घालमेल हुआ है, इसमें करीब 250 करोड़ से अधिक घोटाले की आशंका है। मिलावट का पूरा खेल उजागर करने के लिए सरकार से सीबीआई जांच की मांग की जा रही है।
इन ढुलाई ठेकेदारों का रोका लाखों का भुगतान
अप्रैल माह से शुरू हुई खरीद के बाद मंडियों से गोदामों तक सरसों पहुंचाने वाले ढुलाई ट्रांसपोर्टरों का भुगतान हैफेड व वेयर हाउस कारपोरेशन अधिकारियों ने रोक दिया है। इसमें जुई, तोशाम मंडी के ट्रांसपोर्टर विजय बंसल का 20 लाख का भुगतान है। बवानीखेड़ा, नंदगांव, दादरी, बाढड़ा मंडियों से सरसों उठान व भिवानी अनाज मंडी में लेबर का काम करने पर 20 लाख भुगतान रोका है। लोहारू, ढिगावा, कैरू, बहल मंडी से सरसों ढुलाई ट्रांसर्पोटर अनुप का 10 लाख का भुगतान रोक दिया है। इसी तरह अन्य ढुलाई ट्रांसपोर्टरों को मिलाकर कुल 70 लाख का भुगतान रोका गया है।
एक्सपर्ट व्यू :
तारामीरा जिसे तरा भी कहा जाता है। मुख्य तौर पर पशुओं को दवा के तौर पर खिलाने में इस्तेमाल किया जाता है। हरियाणा और राजस्थान में यह बहुतायत में मिलते हैं। इसका दाना सरसों से छोटा होता है। इसमें आरजीमोन तत्व पाया जाता है, जो मनुष्य की सेहत के लिए हानिकारक है। सरसों में प्रति क्विंटल करीब 35 किलोग्राम तेल निकलता है, जबकि तारामीरा में करीब 20 किलोग्राम तेल निकलता है। सरसों के साथ तारामीरा की तेल का मिलावट होता है तो भी मनुष्य की सेहत पर इसका बुरा प्रभाव पड़ता है।
- डॉ. वेदप्रकाश लुहाज, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं पूर्व जिला समन्वयक कृषि विज्ञान केंद्र भिवानी।
वर्जन-
ट्रांसपोर्टर की तरफ से शिकायत आई है। ट्रांसपोर्टरों का भुगतान भी पेंडिंग हैं। सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने खरीद के दौरान पहले टोटल स्टॉक की भौतिक जांच कराई थी, जिसमें स्टॉक में कितनी है और मंडी में कितनी सरसों रखी हुई थी। इस शिकायत पर संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से बातचीत कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- अजय कुमार जिला उपायुक्त भिवानी
जिले की 34 मंडियों में हुई थी सरसों की खरीद
हैफेड सरसों मीट्रिक टन में
भिवानी मंडी 8105
चारामंडी भिवानी 7468
बामला खरीद केंद्र 3357
चांग खरीद केंद्र 2192
कैरू खरीद केंद्र 7226
बुढ़ेडा खरीद केंद्र 2188
ढिगावा मंडी 7394
लोहारू मंडी 4991
सोहासड़ा खरीद केंद्र 2800
बहल मंडी 7866
बुद्धशैली खरीद केंद्र 3818
भैरा खरीद केंद्र 2841
चहड़कलां खरीद केंद्र 3109
कासनी खुर्द केंद्र 3838
मिट्टी खरीद केंद्र 4976
सिधन्वा खरीद केंद्र 3258
मंढौलीकलां केंद्र 2146
-----
हरियाणा स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन द्वारा सरसों खरीद
बवानीखेड़ा मंडी 10339
तोशाम मंडी 9828
सिवानी मंडी 7003
दिनोद खरीद केंद्र 2840
ओबरा खरीद केंद्र 3739
मिरान खरीद केंद्र 3991
जुई खरीद केंद्र 11768
नंदगांव खरीद केंद्र 3337
बलियाली 3249
कालौद खरीद केंद्र 4174
गुरेरा खरीद केंद्र 2535
पाजू खरीद केंद्र 3154
बिधनोई खरीद केंद्र 1935
कुडल खरीद केंद्र 3342
ईश्रवाल खरीद केंद्र 5058
बड़वा खरीद केंद्र 1925
पटौदी खरीद केंद्र 4031