भीम स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दौड़ लगाते धावक।
भिवानी। शहर के भीम स्टेडियम में चल रही 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का चौथा दिन शनिवार को भी रोमांचक रहा। अंडर-19 आयु वर्ग की लड़कियों की स्पर्धाओं में हरियाणा की मुस्कान ने 300 मीटर दौड़ 9.29 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं महाराष्ट्र की स्वानंदी संतोष ने बाधा दौड़ (400 मीटर) में एक मिनट एक सेकंड में फिनिशिंग लाइन पार कर पहला स्थान हासिल किया। आयोजन के दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा, अंतरराष्ट्रीय महिला बॉक्सर जैस्मीन लम्बोरिया, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. निर्मल दहिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर, नोडल अधिकारी सत्यवान कोच और डॉ. अनिल कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिताओं की शुरुआत कराई।
300 मीटर दौड़ स्पर्धा में राजस्थान की मुक्ता ने 9.46 सेकंड का समय लेते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर बाधा दौड़ स्वानंदी संतोष ने एक मिनट एक सेकंड में पूरी कर स्वर्ण जीता जबकि झारखंड की सिवानी कुमारी ने 1 मिनट 85 सेकंड के प्रदर्शन के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में कर्नाटक की नागिनी ने 2 मिनट 12 सेकंड में दूरी तय कर स्वर्ण पदक जबकि दिल्ली की रिया बिष्ट ने 2.13 सेकंड में पूरी कर रजत पदक जीता। पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में हरियाणा की ज्योति ने 3.10 मीटर ऊंची छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया वहीं तमिलनाडु की महालक्ष्मी आर 3 मीटर छलांग के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
400 मीटर बाधा दौड़ में पंजाब के जसनप्रीत ने किया कब्जा
लड़कों के अंडर-19 आयु वर्ग की 400 मीटर बाधा दौड़ में पंजाब के जसनप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया जबकि राजस्थान के राजबीर रनरअप रहे। 800 मीटर में सीआईएससीई के सिद्धार्थ ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राजस्थान के हैप्पी भागेसरा दूसरे स्थान पर रहे। तीन हजार मीटर दौड़ में महाराष्ट्र के कर्ण रमेश ने 8 मिनट 24 सेकंड में दूरी पूरी कर स्वर्ण पदक जबकि राजस्थान के ललित पूनिया ने 8.25 सेकंड में पूरी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।