भिवानी। जिले के गांव कलिंगा में सोमवार अल सुबह करीब तीन बजे घर के बाहर ही एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। युवक की पीट-पीटकर निर्मम हत्या की गई थी। हत्या का आरोप मृतक के दो दोस्तों पर लगा है। वारदात की सूचना मिलते ही एफएसएल की टीम व डीएसपी वीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। हत्या किस कारण की गई इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
गांव कलिंगा निवासी 23 वर्षीय राहुल का शव सोमवार अल सुबह करीब तीन बजे उसी के घर के बाहर गली में पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना पाकर सदर पुलिस थाना एसएचओ विद्यानंद दहिया, खरक पुलिस चौकी इंचार्ज प्रवीन कुमार मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में ही मामला पीट पीटकर हत्या का मिला। जिसके बाद मौके पर तथ्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई। डीएसपी ने मृतक के परिजनों से बात की और वारदात स्थल का मुआयना किया। मृतक के छोटे भाई आशु ने बताया कि गांव के ही दो युवकों ने उसके भाई की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। आरोपी उनके घर पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसके भाई को घर के बाहर गली में ही फेंककर फरार हो गए। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें लगी थी।
खरककलां चौकी के इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी। जिसके बाद उनकी टीम सोमवार अल सुबह ही गांव पहुंच गई थी। मृतक के छोटे भाई आशु ने बताया कि वे चार भाई बहन हैं। सबसे बड़ी बहन है, उसके बाद राहुल, आशु और सबसे छोटी बहन है। मृत राहुल अविवाहित था और गांव में ही मेहनत मजदूरी का काम करता था।
मामले की जांच कर रहे सदर पुलिस थाना प्रभारी विद्यानंद दहिया ने बताया कि शव का जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के छोटे भाई आशु की शिकायत पर गांव के ही युवक प्रदीप व ओसियर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ही दोनों हत्या आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के आरोपी मृत राहुल के दोस्त थे और उनके साथ उसका काफी उठना बैठना भी था। हत्या किन कारणों से की गई है, अभी इसका पता नहीं चल पाया है।