चुनाव सामग्री की जांच करती पोलिंग पार्टियां।
बवानी खेड़ा। जिले की नगर पालिका बवानीखेड़ा, लोहारू व सिवानी मंडी में दो मार्च को नपा अध्यक्ष व पार्षद पद का चुनाव होना है। इसके लिए शनिवार को जिला प्रशासन ने चुनाव की सभी तैयारियां को अंतिम रूप दिया। बता दें कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी महावीर कौशिक के निर्देशानुसार कस्बे के राजकीय महिला महाविद्यालय में अंतिम रिहर्सल के बाद पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि रविवार को बवानीखेड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष और 16 वार्डों के पार्षद पदों के लिए मतदान होगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। जिसमें 16863 मतदाता भाग लेंगे। वहीं मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन की पूर्णतया पाबंदी सुनिश्चित की जानी है। मतदान से एक घंटा पहले सभी उम्मीदवारों और उनके पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल किया जाएगा और इसकी जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी महेश कुमार ने कहा कि पीओ हैंडबुक में चुनाव से जुड़ी सभी जरूरी हिदायतें दर्ज हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में अधिकारियों की भूमिका अहम होगी। इसलिए हरियाणा निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार सभी नियमों की पूरी जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और लगन से ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट की जांच, मॉक पोल, मतदान सामग्री का मिलान और सीलिंग प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होगा। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, पीओ डायरी, डिक्लेरेशन फॉर्म और अन्य दस्तावेजों को सही तरीके से भरने की जानकारी दी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, चुनाव में लगे हर अधिकारी और कर्मचारी को निष्पक्ष रहना होगा।
12 मार्च को राजकीय महिला महा विद्यालय के सभागार में होगी मतगणना
रिटर्निंग अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका चुनाव के लिए 16 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान रविवार दो मार्च को सुबह 8 से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना 12 मार्च को राजकीय महिला महाविद्यालय के सभागार में होगी।