लोहारू। नगरपालिका चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोहारू में चुनावों को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। इस बार लोहारू के 14 वार्डों में से एक वार्ड बीसी-बी कैटेगरी के लिए भी आरक्षित किया जाएगा। जिसका ड्रा सोमवार को भिवानी डीएमसी कार्यालय में निकाला जाएगा।
नगर पालिका सचिव तेजपाल सिंह से मिली जानकारी के अनुसार इस बार लोहारू शहर में 13 की बजाए 14 वार्ड होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में जनवरी माह में शहर के इन वार्डों के लिए सामान्य महिला, एससी महिला, एससी पुरुष और बीसी महिला वर्ग के लिए पहले ही ड्रा निकाला जा चुका है। सोमवार को भिवानी में बीसी-बी वर्ग के लिए वार्ड आरक्षित करने के लिए ड्रा निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के 14 वार्डों में से वार्ड न. 2 व 11 सामान्य जाति की महिला, वार्ड नंबर 1 व 5 एससी जाति की महिला, वार्ड नंबर 4 व 8 एससी जाति के पुरुष तथा वार्ड नंबर 6 बीसी जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया था। जबकि बीसी-बी वर्ग के लिए शहर के एक वार्ड का ड्रा सोमवार को भिवानी डीएमसी कार्यालय में निकाला जाएगा।