17ए फोटो मृतक रोहित का फाइल फोटो।
- फोटो : Bhiwani
आगरा में भिवानी निवासी एक एमआर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव शनिवार को आगरा में रेलवे ट्रैक पर मिला था। मामले में आगरा पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। परिजनों ने फोन में मिली रिकार्डिंग के आधार पर दो युवकों और एक युवती पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने फोन रिकार्डिंग एसपी कार्यालय में सौंपते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई कराने की मांग की है।
एसपी कार्यालय पहुंचे नाई कलालो की गली निवासी राज कुमार ने बताया कि उनका लड़का रोहित एक कंपनी में एमआर था। वह चार दिसंबर को पूना में कंपनी की बैठक में गया था। सात दिसंबर को आगरा जीआरपी से फोन आया कि आपके लड़के का यहां शव मिला है। इसके बाद वे वहां पहुंचे तो बताया गया कि रेलवे ट्रैक पर रोहित का शव मिला है। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। परिजनों ने बताया कि जब हमने रोहित फोन पर रिकार्डिंग देखी तो उसमें उसने रेलवे इंक्वायरी 112 नंबर पर कॉल की है। रिकॉर्डिंग में उसने कुछ लोगों से खतरा बताया है। आरोपी भी भिवानी के ही बापोड़ा गांव के बताए जा रहे हैं।
नहीं मिली पुलिस और रेलवे कंट्रोल रूम से मदद
परिजनों ने रिकार्डिंग भी पुलिस को दी। जिसमें रोहित 112 नंबर पर महिला कर्मचारी से बातचीत कर रहा है। उसने बताया कि दो युवक शराब पी रहे थे। उन्होंने उस पर अचानक हमला कर दिया और एक युवती भी उनके साथ थी। फोन पर रिकार्डिंग 04:34 मिनट की है, जिसमें वह मदद की गुहार लगा रहा है। परिजनों का कहना है कि उसकी मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या है।