खेल महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों से परिचय करते सांसद धर्मबीर सिंह।
बहल। राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर में सांसद धर्मबीर सिंह ने सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले खेलों का शुभारंभ किया। इस महोत्सव में लोहारू विधानसभा के विभिन्न गांवों से 165 एकल प्रतिभागियों और 90 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बीआरसीएम शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. एसके सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यातिथि सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को अपनी छिपी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और आने वाले समय में यहीं से निकलने वाले खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे।
सांसद खेल महोत्सव के नोडल अधिकारी सुधीर चांदवास ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और पहचान मिल रही है। जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, कुश्ती और रस्साकशी खेलों का आयोजन किया जाएगा। बीआरसीएम शिक्षण समिति के निदेशक डॉ. एसके सिन्हा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन टीम का स्वागत किया।