तोशाम। गांव खानक में शनिवार रात एक सड़क हादसे में सीपर निवासी 37 वर्षीय प्रवीण की मौत हो गई। प्रवीण मोटरसाइकिल पर पिंजोखरा से गांव सीपर आ रहा था। सामने से आ रहे एक हाईवा (ट्रक) ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रवीण के भाई सुखविंदर ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वे शनिवार रात करीब 12:30 बजे पिंजोखरा से अपने गांव सीपर लौट रहे थे। सुखविंदर अपनी गाड़ी में थे जबकि प्रवीण मोटरसाइकिल पर आगे चल रहा था। गांव खानक में पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। हाईवा ने प्रवीण की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मारी। प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। सुखविंदर उसे तुरंत नागरिक अस्पताल तोशाम लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था प्रवीण
मृतक प्रवीण तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। प्रवीण की दो बेटियां हैं जिनमें बड़ी आठ वर्ष और छोटी दो साल की है। उसका एक पांच साल का बेटा भी है जो दिव्यांग है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव के लोग सदमे में हैं। तोशाम थाने के थाना प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि मृतक के भाई सुखविंदर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।