भिवानी। हालुवास बाईपास के समीप मंगलवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे बाइक का संतुलन बिगड़ने से चालक सुनील कुमार (36) गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जींद के गांव जुलाना निवासी सुनील कुमार पशुओं के सींग संवारने का काम करता था। मंगलवार रात वह लोहारू से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। हालुवास बाईपास के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर दूर तक घसीटता हुआ जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घायल सुनील को राहगीरों ने जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी। सदर पुलिस ने बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।
दो बच्चों का पिता था सुनील
मृतक सुनील दो बच्चों का पिता था। उसके एक बेटा और एक बेटी है। सदर थाने के जांच अधिकारी पवन ने बताया कि सुनील पशुओं के सींग संवारने का काम करने लोहारू क्षेत्र में गया था और वापस लौटते समय बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक के पिता रमेश के बयान दर्ज किए। इसके आधार पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।