भिवानी। शुक्रवार रात को जूई, ढिगावा और लोहारू क्षेत्र के साथ तोशाम क्षेत्र के कुछ हिस्से में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इसमें बिजली निगम के 200 से अधिक बिजली पोल टूट गए। वहीं 10 बिजली ट्रांसफार्मर भी एचपोल टूटने से गिर गए। इसी के साथ बिजली लाइनों को भी काफी नुकसान हुआ। जिले के करीब 50 गांवों में बिजली आपूर्ति को बहाल होने में भी 18 घंटे लगे। वहीं खेतों की ओर जाने वाली लाइनों पर अभी भी बिजली निगम कर्मचारी काम पर लगे हैं।
आंधी की वजह से बिजली निगम को लाखों की चपत लगी है। फिलहाल बिजली निगम के अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। आंधी में 250 से अधिक पेड़ भी टूटे हैं, जिन्हें हटाने में वन विभाग के कर्मचारी जुटे हैं। शुक्रवार शाम और रात को जूई और कैरू, ढिगावा मंडी क्षेत्र के आसपास के इलाके में करीब चार घंटे तक बारिश हुई। बारिश से पहले तेज आंधी में सैकड़ों बिजली पेड़ भी टूटकर गिर गए। जिन्हें हटाने के लिए शनिवार को भी वन विभाग के कर्मचारी जुटे रहे। जबकि खेतों में बिजली के खंभे भी टूटकर गिए गए।
बिजली निगम ने अब तक 200 बिजली पोल और दस बिजली ट्रांसफार्मर गिरने की पुष्टि की है। वहीं शनिवार शाम को फिर से ठंडी हवाएं चलने लगीं। आसमान में बादल छाने से दिन भर की तपिश से भी राहत मिली। खेतों में बनी ढाणियों की बिजली लाइनों के पोल टूटने से बिजली आपूर्ति भी गुल हो गई है। ढाणियों की लाइनों को शनिवार को भी ठीक नहीं किया गया। जबकि देवसर मोड और हालुवास मोड पर भी बिजली के पोल टूटकर खेतों और रास्तों पर गिरे हैं, जिसकी वजह से आवागमन भी बाधित पड़ा है। करीब 350 से अधिक पेड़ भी हाईवे और अन्य रास्तों पर टूटे हुए हैं, जबकि खेतों में भी हरे पेड़ टूटे पड़े हैं, जिन्हें अब हटाने का काम चल रहा है।
ग्वार और बाजरा की होगी अगेती बिजाई
जूई और ढिगावा मंडी में तेज बारिश के बाद अब ग्वार और बाजरा अगेती बिजाई सा सकेगी। क्योंकि इस बारिश के बाद अब किसानों के खेतों में काफी नमी जमा हो गई है। बिजाई के लिए सिंचाई की जरूरत नहीं होगी। वहीं कृषि विशेषज्ञ भी इस बारिश को फसलों के लिए फायदेमंद बता रहे हैं। हालांकि किसानों को इस समय बिजाई के लिए किस्में और तरीके भी विशेषज्ञों ने सुझाए हैं, जिनको अपनाकर किसान अच्छी पैदावार ले सकते हैं।
आंधी और तेज बारिश में जूई और तोशाम क्षेत्र के गांवों में करीब सवा सौ बिजली पोल टूट गए हैं। इसी के साथ करीब दस बिजली ट्रांसफार्मर गिरने की सूचना भी मिली है। फिलहाल फील्ड में कर्मचारी आंधी से हुए नुकसान का आकलन करने में लगे हैं। जिन गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, उनमें बिजली बहाल हो चुकी है, खेतों के लाइनों पर अभी काम चल रहा है।
-रणबीर सिंह, सर्कल महाप्रबंधक दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी