पुराना शहर के कच्चे रास्ते पर जमा बरसाती पानी।
लोहारू। तीन दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद लोहारू में मंगलवार सायं से शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। मौसम में अचानक बदलाव के साथ आसमान में घनघोर घटाएं छा गईं और हल्की रिमझिम के बाद तेज बारिश शुरू हो गई जो बुधवार दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में लोहारू में 120 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के चलते जहां तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली वहीं शहर की व्यवस्था की पोल भी खुल गई। नगर क्षेत्र की अनेक सड़कें जलमग्न हो गईं। बस स्टैंड, चौ. देवीलाल चौक, लोक निर्माण विश्राम गृह, कोर्ट रोड और सात नंबर चुंगी जैसे निचले इलाकों में बारिश का पानी भर गया जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें कि पिछले तीन दिनों से तेज धूप और उमस ने जनजीवन बेहाल कर रखा था लेकिन मंगलवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। पहले हल्की रिमझिम हुई और फिर रात में तेज बारिश ने पूरे इलाके को भिगो दिया। बारिश बुधवार को भी रुक-रुक कर होती रही। हालांकि इस बारिश से किसानों के चेहरों पर जरूर खुशी लौटी लेकिन जलभराव ने आमजन की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।