भिवानी। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठान और कचरा निस्तारण का काम करने वाली इंदौर की कंपनी के कर्मी हर्ष और भिवानी बचाओ आंदोलन के संयोजक सुशील वर्मा के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। मंगलवार को पीड़ित महिला के डीएसपी हेडक्वार्टर के समक्ष बयान भी दर्ज कराए गए। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। दरअसल भिवानी बचाओ आंदोलन के संयोजक सुशील वर्मा ने तत्कालीन नगर परिषद में करोड़ों के घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी।
पीड़ित महिला ने सोमवार को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि सोमवार वह इंदौर की कंपनी कार्यालय में अपना हिसाब लेने बेटे के साथ गई। उसकी जगह किसी दूसरा कर्मचारी लगाया लिया गया। उसने इस संबंध में पूछा तो उसके साथ गाली गलौज की गई और जातिसूचक शब्द कहे। वहीं उसने अपना हिसाब मांगा तो उसे धक्के देकर कार्यालय से बाहर कर दिया। इसके बाद फोन पर सुशील वर्मा ने भी उसे डराया धमकाया और काफी भला बुरा कहा। शिकायत में पीड़ित महिला ने पिछले दस माह से इंदौर की कंपनी के कर्मी हर्ष और सुशील वर्मा पर शोषण के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि वह ढाणीमाहू निवासी सुशील वर्मा के नई अनाज मंडी स्थित कार्यालय में दस माह से रसोई में खाना बनाने का काम कर रही थी। पिछले एक महीने से वह छुट्टी पर थी, क्योंकि उसने ऑपरेशन कराया था।
महिला ने इस संबंध में सोमवार को ही शिकायत जैन पुलिस चौकी में दी थी। इसके बाद शहर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात को पीड़ित महिला की शिकायत पर भिवानी बचाओ आंदोलन के संयोजक सुशील वर्मा और इंदौर कंपनी के कर्मी हर्ष के खिलाफ छेड़छाड़ और एससीएसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मंगलवार को पीड़ित महिला के डीएसपी हेडक्वार्टर आर्यन चौधरी के समक्ष बयान दर्ज कराए गए।
घर से तीन लाशें उठने की भी दी धमकी
पीड़ित महिला ने आरोपी पक्ष पर फोन कर शिकायत वापस लेने के लिए डराने धमकाने के भी आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि मंगलवार सुबह सुशील वर्मा की पत्नी का उसके पास फोन आया और उसे धमकी दी गई कि उसे कहीं पर काम नहीं मिलेगा, क्योंकि उसने ऐसे आरोप लगाए हैं। वहीं शिकायत वापस नहीं लेने की सूरत में घर से तीन लाशें उठने की भी धमकी देकर उसे डराया गया। महिला का कहना है कि उसने किसी के कहने पर कोई झूठे आरोप नहीं लगाए हैं। उसके साथ जो हुआ है वही पुलिस के सामने बयां किया है। अब भी उस पर दबाव बनाने के लिए धमकियां मिल रही हैं।
पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी सुशील वर्मा और हर्ष के खिलाफ छेड़छाड़ व एससीएसटी एक्ट के तहत शहर थाना पुलिस में केस दर्ज हुआ है। पीड़ित महिला के बयान दर्ज हुए हैं, पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
- आर्यन चौधरी, डीएसपी जिला मुख्यालय भिवानी।