भिवानी। हरियाणा के उद्यमी और तकनीकी विशेषज्ञ (टेक्नोलॉजिस्ट) मोहित यादव को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2025 में शामिल होने का सम्मान मिला है। यह आयोजन मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर एंड स्पोर्ट्स मंत्रालय की ओर से आयोजित किया गया है। 11-12 जनवरी को भारत मंडपम नई दिल्ली में ये आयोजन होगा। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति भी होगी।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का उद्देश्य देश के प्रतिभाशाली युवा नेतृत्व को पहचानना, उनका पोषण करना और उन्हें आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में देश की प्रगति में योगदान देने के लिए सशक्त बनाना है। मोहित यादव चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र और एमके एप क्रिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और सीईओ हैं। मोहित कुमार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 2024 से भी सम्मानित किया गया है, जो उनके उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति उनके अडिग संकल्प को प्रमाणित करता है।
मोहित यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस परिवर्तनकारी डायलॉग का हिस्सा बनकर वह बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह मंच विकसित भारत के लिए उनके दृष्टिकोण को साझा करने और देशभर के नेताओं और बदलाव लाने वालों के साथ सहयोग करने का एक अनूठा अवसर है।
ये उपलब्धियां भी है मोहित के नाम
गांव भागेश्वरी निवासी मोहित यादव ने एक ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जिसका गाड़ी में इंस्टाल करने के बाद आप चाह कर भी गाड़ी का एक्सीडेंट नहीं कर पाएंगे। इस साफ्टवेयर में ऐसे फीचर है, जो गाड़ी को काफी हद तक सेफ बना देगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी इस सॉफ्टवेयर की तारीफ कर चुके हैं। यही नहीं, मोहित को अनेक सम्मान से नवाजा जा चुका है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी द्वारा भी इस कार्य को लेकर सम्मानित किया जा चुका है।