चांग। जन प्रतिनिधि चुन लिये गए तो फिर रिश्तेदारों की भी खूब 'चलनेÓ लग जाती है। गांव ढाणी चांग में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। भाजपा के विधायक बिशंबर वाल्मीकि के रिश्तेदार व निजी सचिव जलघरों का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। निरीक्षण तो ठीक, इससे भी बढ़कर निजी सचिव ने अधिकारियों को मौके पर बुलाया और झाड़ भी पिलाई।
मंगलवार दोपहर में गांव ढाणी चंाग व चांग में स्थित जलघर का विधायक बिशंबर वाल्मीकि के निजी सचिव प्रशांत औचक निरिक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ढाणी चांग जलघर के फिल्टर में मृत छिपकली व मछली मिलने से प्रशांत ने मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ व जेई को मौके पर बुलाया और झाड़ पिलाई। साथ ही जलघर में स्थित फिल्टरों व जलघर की जल्द सफाई करने को कहा। प्रशांत ने इस मामले के बारे मे जनस्वास्थ्य विभाग के एक आला को भी अवगत कराया व जलघर के ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
ढाणी चंाग सरपंच रणबीर सिंह परमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से घरों में सप्लाई होने वाले पानी में कीड़े व डेंगू फैलाने वाला लारवा मिल रहा था। विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। विधायक के निजी सचिव प्रशांत ने गांव की कई बदहाल गलियों का जायजा लेकर मौके पर मौजूद पंचायत विभाग के जेई को एस्टीमेट तैयार करके गली निर्माण करवाने के लिए कहा। इस अवसर पर युवा क्लब प्रधान बजरंग चौहान, सरपंच रणबीर सिंह परमार, सतीश अरोड़ा, जयपाल फौजी, इंद्रजीत ठेकेदार, रवीन्द्र परमार, मानसिंह परमार, प्रदीप टांक, मेसर सैनी सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।
--
जलघरों का निरीक्षण करने के लिए उन्हें जाना था, लेकिन उन्हें अचानक चंडीगढ़ जाना पड़ गया, इसलिए निजी सचिव को भेजना पड़ा।
बिशंबर वाल्मीकि, विधायक
--
जलघरों का निरीक्षण आम आदमी भी कर सकता है। विधायक के निजी सचिव के अफसरों पर झाड़ लगाने की बात उनकी जानकारी में नहीं है।
संजीव त्यागी, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग
--