जलभराव और पानी निकासी प्रबंधों का जायजा लेते विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि और डीसी साहिल गुप्ता।
बवानीखेड़ा। विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि और उपायुक्त साहिल गुप्ता ने मंगलवार को बवानीखेड़ा कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में बारिश से बने जलभराव के हालात का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान दोनों ने नगर पालिका और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ पानी निकासी के प्रबंधों की समीक्षा की और त्वरित समाधान के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
विधायक कपूर वाल्मीकि ने डीसी को बताया कि कस्बे के आबादी क्षेत्र सहित आधा दर्जन वार्डों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। डीसी साहिल गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि पानी निकासी के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसके लिए निर्धारित दरों के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। विधायक ने निरीक्षण के दौरान बताया कि खेड़ी दौलतपुर रोड पर बने नवनिर्मित बाईपास की पुलिया से कस्बे की ओर पानी का बहाव हो रहा है। वहीं जमालपुर की तरफ से पुरानी माइनर से भी पानी कस्बे में आ रहा है जिससे चारों तरफ की बस्तियां जलमग्न हो गई हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने बताया कि दिन में पुलिया से पानी के बहाव को रोका जाता है लेकिन रात में अज्ञात लोग इसे तोड़ देते हैं। इस पर डीसी ने इलाके में पुलिस गश्त और ठीकरी पहरा बढ़ाने के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने नगर पालिका सचिव संदीप गर्ग को जरूरत के मुताबिक पाइप खरीदकर पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश कुमार, तहसीलदार जयवीर, नायब तहसीलदार विचित्रानंद और नगर पालिका सचिव संदीप गर्ग भी मौजूद रहे।