कॉलेजों में 20 प्रतिशत बढ़ी सीटों पर एडमिशन के लिए वैश्य महाविद्यालय में 26 जुलाई को मेरिट लिस्ट लगाई जाएगी। मेरिट सूची के आधार पर विद्यार्थी 26 व 27 जुलाई को फीस जमा करा दाखिला ले सकेंगे। शनिवार सुबह ही नोटिस चस्पा कर विद्यार्थियों को इस बाबत सूचित किया गया।कॉलेज प्राचार्य डा. डीएस राजन ने बताया कि यूनिवर्सिटी की गाइड लाइन के मुताबिक पहली, दूसरी, तीसरी कट ऑफ में नाम आने के बावजूद किसी कारण फीस जमा नहीं करवा पाए विद्यार्थियों से एडमिशन करवाने को लेकर सादे कागज पर आवेदन मांगे गए हैं। ऐसे विद्यार्थी सोमवार तक अपने आवेदन जमा करवा दें। ताकि मंगलवार को बढ़ी हुई सीटों के एडमिशन के लिए मेरिट सूची दर्शाई जा सके। वहीं दूसरी ओर राजकीय कॉलेजों में बढ़ी हुई सीटों पर दाखिलों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से महाविद्यालय में किसी प्रकार के निर्देश नहीं मिले। गवर्नमेंट कॉलेज के प्राचार्य ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग के आदेशों के बाद ही एडमिशन संबंधी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
सोमवार को भी आईटीआई में ले सकेंगे दाखिला
भिवानी। आईटीआई की पहली काउंसलिंग या सीट अलॉटमेंट के आधार पर विद्यार्थी सोमवार को भी अपनी फीस जमा करा दाखिला ले सकेंगे। छात्र-छात्राओं की भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया। वहीं पहले फीस जमा कराने व मूल प्रमाण-पत्रों की जांच करवाने को केवल शनिवार तक का समय निर्धारित था। लेकिन शुरुआती दो दिनों तक तकनीकी खराबी के कारण हुई लेटलतीफी व बचे समय में सभी विद्यार्थियों के दाखिले न हो पाने के कारण एक दिन का समय ओर बढ़ा दिया गया।
राजकीय आईटीआई लेखाधिकारी खजान सिंह ने बताया कि 22 जुलाई को फस्र्ट सीट अलॉटमेंट में कुल 611 विद्यार्थियों के एडमिशन होने है। लेकिन शुक्रवार व शनिवार तक एनसीवीटी व एससीवीटी के सभी ट्रेडों में 150 विद्यार्थियों के दाखिले हो पाए। वहीं 160 छात्र-छात्राओं ने ट्रेड बदलने को लेकर अपने प्रमाण-पत्रों की जांच करवाई। ये सभी विद्यार्थी दूसरी काउसंलिंग के आधार पर फीस जमा करा दाखिला ले सकेंगे।