भिवानी। गांव भांडवा निवासी एक व्यक्ति का शव शुक्रवार को लोहारू के पास माइनर में कीकर के पेड़ की टहनियों में फंसा मिला। परिजनों ने मृतक की गुमशुदगी की रिपोर्ट एक दिन पहले बाढड़ा थाने में दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना पर लोहारू और बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया।
पुलिस के अनुसार चरखी दादरी जिले के गांव भांडवा निवासी 40 वर्षीय संजीव उर्फ संजय की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजनों ने वीरवार को बाढड़ा थाने में दी थी। शुक्रवार को लोहारू के पास एक माइनर में उसका शव कीकर के पेड़ की टहनियों के बीच फंसा मिला। शव को वहां से गुजर रहे ग्रामीण ने देखा और तुरंत लोहारू पुलिस को सूचना दी।
लोहारू थाना पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पहचान के लिए सूचना प्रसारित की। जब पता चला कि इस व्यक्ति की गुमशुदगी की रिपोर्ट बाढड़ा थाने में दर्ज है, तो वहां से जांच अधिकारी एचसी रवींद्र मौके पर पहुंचे और शव को जिला नागरिक अस्पताल भिवानी भिजवाया।
पोस्टमार्टम के बाद मृतक के बेटे साहिल के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार संजीव खेतीबाड़ी करता था और दो बच्चों का पिता था। उसका एक बेटा और एक बेटी है।