भिवानी के एसपी मनबीर सिंह के साथ अग्रवाल सभा के सदस्य।
भिवानी। शहर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और बाजारों के बीचों-बीच पुलिस द्वारा लगातार चालान काटने की कार्रवाई से परेशान व्यापारियों ने शुक्रवार को अग्रवाल सभा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से ग्राहक बाजारों में आने से कतराने लगे हैं, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
अग्रवाल सभा के प्रधान सुनील सर्राफ ने कहा कि पहले से ही संकरी सड़कों, अतिक्रमण और उचित पार्किंग की कमी के चलते बाजारों में जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में जब ग्राहक थोड़े समय के लिए सड़क किनारे वाहन खड़ा करते हैं, तो पुलिस चालान काट देती है। इससे ग्राहक डर जाते हैं और बाजारों का रुख नहीं करते, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी पुलिस की है, लेकिन चालान काटने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने पुलिस को सलाह दी कि चालान की बजाय जनजागरूकता फैलाएं और पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। अग्रवाल सभा ने मांग की कि बाजारों के बीचों-बीच चालान काटने की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाई जाए ताकि व्यापार सामान्य हो सके। इस पर पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने उनकी बात को गंभीरता से सुनते हुए मामले पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महामंत्री दिवाकर जैन, कोषाध्यक्ष मनीष वैद, सहसचिव मनीष मैदावाला, आशीष मित्तल एडवोकेट, विजय लालावासिया सहित अनेक व्यापारी और सभा सदस्य उपस्थित रहे।