तोशाम में बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने गांव सागवान और बीरण में जलभराव से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र पानी निकासी और जरूरी सेवाओं की निरंतरता के निर्देश दिए। प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
तोशाम। बाल विकास मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने वीरवार को गांव सागवान और बीरण का दौरा कर जलभराव से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विज्ञापन
मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि जलभराव एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन सरकार किसी भी किसान या ग्रामीण को नुकसान नहीं होने देगी। प्रभावितों की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेतों में खड़े पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, बिजली, फॉगिंग और स्वास्थ्य जांच जैसी आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।
उन्होंने कहा कि जलभराव के बाद बीमारियों की आशंका को देखते हुए सभी गांवों में सतत निगरानी और चिकित्सीय व्यवस्था बनाए रखी जाए। इस माैके पर उपायुक्त साहिल गुप्ता, एसडीएम रवि मीणा, बीडीपीओ सोमबीर कादयान, एडवोकेट हरिसिंह सांगवान, प्रदीप गोलागढ़, दिलबाग नीमड़ी, मास्टर हनुमान, पंचायत समिति उपाध्यक्ष सुनील भारीवास माैजूद रहे।