जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सख्त हो गया है। अनलॉक-1 में मिली छूट में जो लोग कोरोना वायरस से बचाव को लेकर सरकार की ओर से जारी हिदायतों का पालन नहीं कर रहे उनको कोरोना टेस्ट की फीस और जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके तहत जिले में बिना मास्क के घूमने वाले व्यक्ति का स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना टेस्ट करवाएगी। इसके लिए व्यक्ति को टेस्ट के 3950 रुपये फीस देनी होगी। इसके अलावा उसे 500 रुपये जुर्माने के रूप में देने होंगे। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही इस योजना को अमलीजामा पहनाएगा। इसके लिए हरियाणा स्कूल एजूकेशन के अतिरिक्त मुख्य सचिव महावीर सिंह ने शनिवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की।
बैठक में उन्होंने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोबाइल हेल्थ टीमों को ओर अधिक गति प्रदान की जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाए। मोबाइल टीमें निरंतर शहर में घूमती रहें और लोगों के अधिक से अधिक टेस्ट किए जाएं। वहीं, मास्क नहीं लगाने वालों का कोरोना टेस्ट करने और बदले में 3950 रुपये फीस व 500 रुपये जुर्माना लेने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली व गुरुग्राम में नौकरी करने वालों का नियमित रूप से हो चेकअप
जिले से दिल्ली व गुरुग्राम में नौकरी करने वाले ऐसे लोगों की पहचान की जाए जो प्रतिदिन आते-जाते हैं और उनका नियमित रूप से हेल्थ चेकअप करवाया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती संख्या को रोकने के लिए ऐसे लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री जानना जरूरी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि औद्योगिक इकाईयों में मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग नियमित रूप से की जाए। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति मिलता है तो उसे तुरंत प्रभाव से आईसोलेट किया जाए।
स्कूल खोलने से पहले बच्चों को कोरोना से बचाव का सुरक्षा कवच जरूरी
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव ने शिक्षा अधिकारियों से स्कूल खोले जाने को लेकर फीडबैक लिया। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जब भी सरकार स्कूल खोलने का निर्णय करेगी, इससे पहले बच्चों की कोरोना संक्रमण से सुरक्षा कवच तैयार करना जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि स्कूलों के मुख्य द्वार पर हैंडवाश की सुविधा की किया जाए। स्कूलों में बच्चों की संख्या व सीटिंग प्लान बनाया जाए। हर घंटे में हैंडवाश करवाया जाए। स्कूल अधिक समय तक न लगे ।
पूरी सजगता से कार्य कर रही है स्वास्थ्य विभाग की टीम
उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि जिला में स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी सजगता के काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जरूरी जगहों पर कनटेंमेंट जोन बनाया जा रहा है। जहां-जहां पर कोरोना संक्रमित लोग मिलते हैं, वहां पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीमों का गठन किया जाता है। लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाती है। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डॉ. आरएस ढिल्लन आईएएस, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद, एसडीएम महेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, डीआईओ पंकज बजाज, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण व कोविड प्रभारी डॉ. राजेश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कोविड केयर सेंटरों का दौरा कर व्यवस्था का लिया जायजा
इससे पूर्व हरियाणा स्कूल एजूकेशन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव महाबीर सिंह ने जिले में बनाए गए कोविड केयर सेंटरों का दौरा कर निरीक्षण किया। उन्होंने चौ. बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल, लोहानी में बने सेंटर, किशन लाल जालान अस्पताल, ईएसआई अस्पताल का का दौरा किया। उन्होंने कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने की स्थिति बरती जाने वाली सावधानियों व जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोविड केयर सेंटर में बनाई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोविड के बनाए गए हेल्प लाइन नंबरों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाए। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान ने बताया कि भिवानी जिले में शुक्रवार को 14 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए थे। वहीं अब कोरोना पॉजिटिव का दोबारा सैंपल लेने की जरूरत नहीं है। अभी तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले से कुल 4866 सैंपल रोहतक भेजे जा चुके हैं।