शिक्षाबोर्ड में अधिकारियों की बैठक में दिशा-निर्देश देते हुए चेयरमैन डा. जगबीर सिंह व सचिव राजीव
- फोटो : Bhiwani
तीन मार्च से आयोजित होने वाली हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी/सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षा का नकल विहीन संचालन, परीक्षा को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारी एकजुट होकर सक्रियता से कार्य करें। यह बात हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने वीरवार को बोर्ड मुख्यालय पर आयोजित जिला शिक्षा अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद भी उपस्थित थे।
डॉ. जगबीर सिंह और राजीव प्रसाद द्वारा जिला शिक्षा अधिकारियों को सेकेंडरी/ सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षा के सुसंचालन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। एक मार्च को शाम तीन बजे मुख्यमंत्री द्वारा परीक्षाओं के संदर्भ में की जाने वाली वीडियो कॉफ्रेंसिंग में भाग लेने के बारे में दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी नकल मुक्त बनाने के लिए एकजुट होकर हर-संभव प्रयास करें। परीक्षा ड्यूटी अनिवार्य है इसलिए सभी अधिकारी उनके अधीन विद्यालयों में नियुक्त प्राचार्य/मुख्याध्यापक/प्रवक्ता को हर हाल में स्पेयर करें। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र पर क्यू-आर कोड लगाया गया है जिससे परीक्षार्थियों की पहचान की जा सके और प्रवेश-पत्र से परीक्षार्थियों के फोटो एवं विवरण का मिलान करें। प्रवेश-पत्र पर प्रतिदिन परीक्षार्थी एवं पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर किए जाने हैं। जिस पर्यवेक्षक के कमरे में दो या इससे अधिक परीक्षार्थियों के पास अनुचित साधन संबंधी सामग्री पाई जाती है ऐसे पर्यवेक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी कारण बताओ नोटिस जारी करें।