एफडीए विभाग द्वारा सील किया गया बिना लाइसेंस के चल रहा मेडिकल शॉप। संवाद
बहल। कस्बे में मेडिकल स्टोर खोलने के लिए किए गए आवेदन की भौतिक जांच के दौरान एफडीए की टीम को प्रस्तावित दुकान पर कई अनियमितताएं मिलीं। बिना वैध अनुमति के पहले ही दवाइयों का भंडारण पाए जाने पर टीम ने शनिवार को दुकान को सील कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिवानी से एफडीए की टीम जिला ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में अजय मेडिकल नाम से मेडिकल स्टोर खोलने के आवेदन की जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान टीम को हैरानी हुई जब प्रस्तावित दुकान पर लाइसेंस जारी होने से पहले ही दवाइयों का भंडारण पाया गया। इस पर टीम ने तुरंत इसकी सूचना बहल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप यादव को दी जो मौके पर पहुंचे। उनके समक्ष ही दुकान को सील कर दिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक दस्तावेज जुटाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि मेडिकल स्टोर के लिए लाइसेंस की अनुमति मिलने से पहले ही वहां दवाइयां रखी हुई थीं। वहीं आवेदन अजय मेडिकल के नाम से किया गया था जबकि इसी दुकान में पूर्व में किसी अन्य नाम से लाइसेंस जारी था जिसे कुछ समय पहले सरेंडर किया जा चुका था और उसी फर्म का नाम वहां अंकित पाया गया।
एफडीए विभाग के जिला ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दुकान में मिली दवाइयों की खरीद-फरोख्त से जुड़े बिलों की जांच की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि बिल किस नाम से जारी किए गए हैं। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।