भिवानी। प्रदेश के बिगड़ते लिंगानुपात को संवारने में जुटी स्वास्थ्य विभाग की टीम को एक और सफलता मिली है। रोहतक, भिवानी व आसपास के इलाके की गर्भवती को नोएडा में ले जाकर भ्रूण लिंग जांच कराने का खुलासा हुआ है। भिवानी के मन्नत अस्पताल के निदेशक एवं दवा विक्रेता सुखविंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रोहतक व भिवानी जिले की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साझा अभियान चलाकर अवैध धंधे का भांडा फोड़ा। टीम का ग्राहक से नोएडा में संपर्क टूटने से भ्रूण लिंग जांच करने वाला मौके से भाग निकला। जांच के लिए 35 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। टीम ने दलाल के पास से रुपये भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने 100 से ज्यादा बार लिंग जांच कराने की बात कुबूली है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला को किसी ने गुप्त सूचना दी। सूचना देने वाले ने कहा कि भिवानी का एक व्यक्ति नोएडा में भ्रूण लिंग जांच कराता है। इस पर रोहतक व भिवानी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिलकर कार्रवाई की। टीम ने एक गर्भवती महिला के गर्भस्थ शिशु की लिंग जांच के लिए व्यक्ति से संपर्क किया। भिवानी के मन्नत अस्पताल के डायरेक्टर सुखविंद्र दुहन से 35 हजार रुपये में लिंग जांच का सौदा तय हुआ। वीरवार सुबह अनाजमंडी के पास से सुखविंद्र ने मरीज व उसके तीमारदार को साथ लेकर लिंग जांच के लिए यूपी के गौतम बुद्ध नगर दादरी के लिए रवानगी ली। यहां शर्मा डायग्नोस्टिक सेंटर में लिंग जांच कराई गई। इस दौरान न तो मरीज से उसके पहचान पत्र की प्रति ली गई और न ही आवेदन पत्र भरा गया।
लिंग जांच के बाद महिला को भ्रूण का लिंग बता दिया गया। इस बीच महिला का पीछा कर रही टीम का उससे संपर्क टूट गया। इसके चलते टीम समय पर नहीं पहुंच पाई और भ्रूण लिंग जांच करने वाला बच निकला। बाद में टीम भ्रूण लिंग जांच कराने वाले दलाल का पीछा करते हुए भिवानी पहुंची। यहां बस स्टैंड पर उसे पकड़ लिया। इसके पास से महिला के दिए 23 हजार रुपये भी बरामद हुए। इसके चलते उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी ने पूछताछ में सौ से ज्यादा महिलाओं का भ्रूण लिंग जांच कराने का खुलासा किया।
पत्नी संभालती है दलाल पति का अस्पताल
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सुखविंद्र फार्मासिस्ट है। वह तोशाम बाईपास पर मन्नत अस्पताल का डायरेक्टर भी है। यह अस्पताल उसकी पत्नी चलाती ह। वह खुद एक चिकित्सक है। यहीं से वह भ्रूण लिंग जांच का अवैध धंधा चला रहा था। इसके खेल में एक अन्य दलाल व नोएडा के डायग्नोस्टिक सेंटर का डॉक्टर भी शामिल है।
दादरी में 12 हजार रुपये में हुआ लिंग परीक्षण
यूपी के दादरी स्थित शर्मा डायग्नोस्टिक सेंटर पर भ्रूण लिंग परीक्षण किया गया। इसके लिए महिला से 12 हजार रुपये लिए गए। इसमें भी दूसरे दलाल का कमीशन शामिल है। इस राशि से अलग 23 हजार रुपये आरोपी के पास से बरामद हुए हैं।
100 से ज्यादा करा चुका हूं लिंग जांच
आरोपी दलाल ने खुलासा किया है कि वह सौ से ज्यादा महिलाओं के गर्भ में पलने वाले भ्रूण का लिंग जांच करा चुका है। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी हैरान है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष आरोपी अपनी इन बातों से पलट गया।
ये रहे टीम में शामिल
भ्रूण लिंग जांच का भांडा फोड़ने वाली टीम में रोहतक से पीएनडीटी नोडल ऑफिसर डॉ. विकास सैनी, डॉ. संजीव मलिक, डॉ. विकास चौधरी, डॉ. विजय, डॉ. देवेंद्र सब्बरवाल, नीरज, जोगेंद्र, भिवानी टीम से डॉ. आज्ञा राठौर, डॉ. अजय व पुलिस के जवान शामिल हैं।