लोहारू। शहर के रेलवे रोड स्थित शास्त्री पार्क में नग्न अवस्था में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पार्क में मौजूद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार के लिए कस्बे के उप नागरिक अस्पताल लोहारू ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने पर लोहारू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक की पहचान करवाने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान के लिए शव को शव गृह में रखवाया गया है। थाना प्रभारी मुरारी लाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।