भिवानी के रेस्ट हाउस में खड़ी सीबीआई की गाड़ी।
भिवानी। मनीषा मौत मामले की जांच में जुटी सीबीआई टीम के दो अधिकारी शनिवार सुबह छुट्टी लेकर दिल्ली लौट गए जबकि निरीक्षक सहित चार अधिकारी अब भी भिवानी के रेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं। मनीषा के पिता संजय से फोन पर हुई बातचीत में सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि छुट्टी पर गए दोनों अधिकारी दिवाली के बाद वापस लौट आएंगे। शनिवार को सीबीआई के अधिकारी फील्ड में नहीं उतरे और रेस्ट हाउस के बंद कमरे में ही जांच में व्यस्त रहे।
तीन सितंबर से सीबीआई अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। इससे पहले भी 25 सितंबर को टीम दिल्ली लौटी थी। दिल्ली एम्स की तीसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट मिलने के बाद छह अक्तूबर को टीम फिर से भिवानी पहुंची। दिल्ली से लौटने के बाद पिछले 13 दिनों से अधिकारी लगातार पूछताछ और छानबीन में लगे हुए हैं।
सीबीआई ने इस सप्ताह किसी विशेष व्यक्ति से पूछताछ नहीं की लेकिन टीम ने इलाके का दौरा किया और कुछ अनजान लोगों से मुलाकात की। टीम ने मनीषा के परिजनों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई है। मनीषा के पिता संजय ने बताया कि वे सीबीआई अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और उन्हें उम्मीद है कि जांच एजेंसी जल्द ही उनकी बेटी की मौत का रहस्य उजागर करेगी।