फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: मनीषा मौत मामले में सीबीआई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग के लिए महापंचायत आज

विज्ञापन
​भिवानी के गांव ढाणी लक्ष्मण में महा​पंचायत के लिए तैयार किया गया स्थल। संवाद
विज्ञापन
ढिगावा मंडी (भिवानी)। बहुचर्चित मनीषा मौत मामले में सीबीआई जांच पूरी होने के बावजूद खुलासा नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को गांव ढाणी लक्ष्मण में महापंचायत बुलाई है। महापंचायत में क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों के जुटने की संभावना है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।
विज्ञापन

महापंचायत के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मुख्य बस स्टैंड के पास पिछड़ा वर्ग की चौपाल के सामने खाली पड़ी जगह पर टेंट लगाया गया है। आयोजकों को बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मृतक मनीषा के पिता संजय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अधिक से अधिक लोगों, सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों और आमजन से बेटी को न्याय दिलाने के लिए महापंचायत में पहुंचने की भावुक अपील की है। न्याय संघर्ष समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जाकर लोगों को महापंचायत में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है।

सीबीआई की जांच के बाद भी खुलासे में देरी से नाराजगी
बता दें कि सीबीआई द्वारा मनीषा मौत मामले की जांच पूरी होने के बाद भी मौत के कारणों का खुलासा नहीं किए जाने को लेकर यह महापंचायत बुलाई गई है। इससे पहले गांव के मुख्य चौक में कई बार पंचायत आयोजित कर सीबीआई को समय दिया गया था। लेकिन कोई नतीजा सामने नहीं आने से लोगों में आक्रोश बढ़ता गया। ग्रामीणों के अनुसार सीबीआई को जांच का खुलासा करने के लिए 90 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था लेकिन निर्धारित अवधि में खुलासा नहीं हुआ। गत 9 मार्च को गांव ढाणी लक्ष्मण से बड़ी संख्या में बुढेड़ा कन्नी की सर्व समाज न्याय संघर्ष समिति के नेतृत्व में पैदल यात्रा जत्था रवाना हुआ था जो 11 मार्च को उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। वहां उपायुक्त के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने पर 17 मई को सर्व जातीय श्योराण खांप 52-84 और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि हरियाणा स्तर पर सभी खापों, किसान संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों की प्रदेश स्तरीय महापंचायत रविवार को ढाणी लक्ष्मण में आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन


महापंचायत के लिए किए सुरक्षा के कड़े प्रबंध, तैनात रहेंगे अतिरिक्त जवान
तहसील लोहारू क्षेत्र के गांव ढाणी लक्ष्मण में रविवार को बहुचर्चित मनीषा मौत मामले को लेकर आयोजित होने वाली महापंचायत के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
महापंचायत के लिए किसान संगठनों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को निमंत्रण भेजा गया है। इनमें भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कोथ, भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी, नैन ग्रुप के प्रदेशाध्यक्ष जोगेंद्र नैन, भाकियू टिकैत के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान तथा भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें