तोशाम के ढाणीमाहू धरनास्थल पर किसानों को संबोधित करते महम विधायक बलराज कुंडू। संवाद न्यूज एजेंस
- फोटो : Bhiwani
90 में से 80 विधायक किसानों की ताकत के बदौलत बने हुए हैं लेकिन विधानसभा में एक को छोड़कर किसानों की आवाज उठाने वाला कोई नहीं है। सरकार तो देश की हर चीज अंबानी व अडानी को कैप्चर करवा रही है। उक्त शब्द महम से विधायक बलराज कुंडू ने आलमपुर में चल रहे धरने को संबोधित करते हुए कही। कुंडू इसके बाद ढाणी माहू धरना स्थल पर पहुंचे। कुंडू दोनों पक्षों के किसानों से आपसी टकराव न कर सहमति से बीच का रास्ता निकालने का आह्वान किया।
विधायक बलराज कुंडू ने किसानों को कहा कि उनकी जमीन कम होती जा रही है। उनके बच्चे कोई छोटा-मोटा धंधा कर लेते उसको भी सरकार खत्म कर रही है। प्रशासन को चाहिए कि वे आपके बीच में आए और बातचीत कर बीच का रास्ता निकालें, लेकिन यहां का प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा है। सरकार व प्रशासन ने आपस में टकराव की स्थिति पैदा कर रखी है। विधायक कुंडू ने दोनों पक्षों के किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि टकराव नहीं करना बातचीत कर सहमति बनानी है। पानी पर सबका हक है। सभी को मिलना चाहिए व पानी टेल तक जाना चाहिए। किसानों की कपास की फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है। सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। कपास की खराब हुई फसल के लिए कृषि मंत्री जेपी दलाल व सांसद धर्मबीर सिंह को पत्र लिखकर किसानों की पूरी वकालत करूंगा। विधायक ने कहा कि सरकार व्यापारियों का फायदा कर रही है। व्यापारी के स्टॉक की सीमा हटा दी है। जिससे सीधा किसान को नुकसान होगा, क्योंकि किसान स्टॉक नहीं कर सकता। किसान अपना भाईचारा खराब न करके संगठित हो। सिंचाई विभाग नहरों की सफाई ही नहीं कर पा रहा है, पाइपों की कहां से सफाई करेगा। उन्होंने ढाणी माहू किसानों को कहा कि पाइप लाइन डालने की बात को लेकर वो किसी टेक्निशियन से बात करें, ये योजना किसान हितेषी नहीं है। कूंडू ने कहा कि सब मिलकर ऐसा रास्ता निकालें ताकि अंतिम किसान को भी पानी मिल सकें। सरकार ऐसी योजना लागू कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।