फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: कोर्ट परिसर में गोली लगने से घायल लवजीत ने 17 दिन बाद जिंदगी से जंग हारा

Mon, 22 Sep 2025 01:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। कोर्ट परिसर में हमलावरों की फायरिंग में घायल रोहतक जिले के मोखरा निवासी लवजीत (29) ने 17 दिन बाद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए रोहतक पीजीआई में शनिवार रात दम तोड़ दिया। सिविल लाइन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इस संबंध में हत्या का केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

भिवानी में कोर्ट परिसर में चार सितंबर को हत्या के प्रयास के मामले में गांव दिनोद निवासी नरेंद्र और बिजेंद्र पेशी पर आए थे। अधिवक्ता चैंबर्स परिसर के पास बनी चाय की दुकान पर इनके साथ लवजीत भी बैठा था। तीन हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी थी। हमले में गंभीर रूप से घायल लवजीत को पहले भिवानी और फिर रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया गया था, जिसकी शनिवार रात को उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, इस मामले में भिवानी सीआईए ने फतेहाबाद में एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा था, जिसके पैर में गोली लगी थी। अब तक इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



हरिया और गोदारा गैंग से जुड़ा है फायरिंग का मामला

कोर्ट परिसर में फायरिंग का मामला दो गैंग के बीच गैंगवार से जुड़ा है, जिसमें हरी उर्फ हरिया और रोहित गोदारा गैंग के बीच की दुश्मनी बताई जा रही है। फायरिंग के अगले ही दिन रोहित गोदारा गैंग की तरफ से सोशल मीडिया पर भी पोस्ट डाली गई थी। हरिया गैंग के साथ देने वालों के साथ ऐसा किए जाने की बात कही गई थी। दोनों ही गैंग जिले में काफी अर्से से सक्रिय हैं, लेकिन फिलहाल दोनों गैंग जेल के अंदर हैं।
विज्ञापन


अब तक हो चुकी है 12 आरोपियों की गिरफ्तारी

भिवानी पुलिस अब तक इस मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में सीआईए जुटी हुई है। इससे पहले तोशाम बाईपास से सीआईए ने बृजवासी कॉलोनी निवासी मोनू और चरखी दादरी के काकडोली हुकमी निवासी नवीन को गिरफ्तार किया था। वारदात में मोनू ने रेकी की थी और नवीन ने साजिश रची थी। रोहित ने गोली चलाई थी। सिरसा के रंगड़ीखेड़ा निवासी रोहित को सीआईए भिवानी ने फतेहाबाद में पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जिसके पैर में गोली लगी थी। मोनू पर डकैती सहित अन्य केस दर्ज हैं। आरोपी जमानत पर बाहर आया था। नवीन गांव में ही मेडिकल स्टोर चलाता है। रोहित पर भी हिमाचल के शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। वह शिमला जेल में भी रह चुका है।




भिवानी न्यायालय परिसर में चाय की दुकान पर फायरिंग में घायल मोखरा निवासी लवजीत की उपचार के दौरान शनिवार रात को मौत हो गई है। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया है। अब तक भिवानी पुलिस इस मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। मामला गैंगवार से जुड़ा है।
विज्ञापन


सुमित कुमार, पुलिस अधीक्षक भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें