गर्मी ने तो मंगलवार को हद कर दी। सारे रिकार्ड को तोड़ते हुए तापमान ने नया आंकड़ा छू लिया। राजस्थान सीमा से सटे लोहारू में 49.5 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। इस इलाके में लोग गर्मी के कहर से बुरी तरह सहम गए हैं। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम के तेवर बरकरार रहे। सोमवार की अपेक्षा तापमान एक डिग्री इजाफे के साथ फिर 47 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम में तल्खी का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि सुबह 10 बजे तक ही शहर का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया था। सूर्यदेव का मिजाज देखकर साफ लग रहा था कि इस बार गर्मी अर्द्धशतक बनाकर ही दम लेगी। भले ही अधिकतम पारा 47 डिग्री रिकार्ड किया गया, लेकिन यह आंकड़ा पूरे दिन बना रहा। न्यूनतम तापमान में भी मंगलवार को बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। यह 30 डिग्री रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी चरम पर रही। लोहारू इलाका जिले में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान अब तक के रिकार्ड स्तर पर 49.5 डिग्री तक पहुंच गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आज तक उन्होंने ऐसी गर्मी नहीं देखी। उधर, गर्मी के तेवर से व्याकुल लोग पूरे दिन बेहाल नजर आए। सुविधा संपन्न लोग एसी-कूलरों से हटने का नाम नहीं ले रहे थे। वहीं आम लोग तीखी धूप में जलने को मजबूर थे।
--
आंगनवाड़ी में भी हो छुट्टी
गर्मी के कारण जहां सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई, वहीं आंगनवाड़ी में जाने वाले मासूम बच्चे अभी भी झुलसने को मजबूर हैं। ग्रीष्मावकाश घोषित न होने से जिले में आंगनवाड़ी का नियमित संचालन जारी है। गौर फरमाने वाली बात है कि आंगनवाड़ियों में बिजली-पानी के भी मुकम्मल इंतजाम नहीं है। ऐसे में मासूमों का हाल बुरा है। हरियाणा कर्मचारी महासंघ की कांता श्योराण ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर आंगनवाड़ियों में ग्रीष्मावकाश घोषित करने की मांग की है।